Delhi Ministers Net Worth: राजधानी में अगले माह 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार 699 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी दंगल में उतरे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री से लेकर उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य इस बार भी चुनावी समर में उतरे हैं। सभी की तरफ से चुनाव आयोग को दिए हलफनामे मुताबिक, सभी मंत्री करोड़पति हैं जबकि मुख्यमंत्री आतिशी सिर्फ 76.93 लाख रुपए की ही चल अचल संपत्ति की मालिक हैं।

आप सरकार में मंत्री व नांगलोई जाट से विधायक रघुविंदर शौकीन, आतिशी मंत्रिमंडल के सबसे अमीर प्रत्याशियों में शुमार हैं। रघुविंदर शौकीन और उनकी पत्नी 23 करोड़ 30 लाख 30,525 रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। दोनों की सालाना आय वित्तीय वर्ष 2023-24 में 76 लाख से ज्यादा रही है। जबकि दूसरे नंबर पर मंत्रियों में सुल्तानपुर माजरा से आप प्रत्याशी मुकेश अहलावत हैं। सुल्तानपुर माजरा सुरक्षित सीट से आप प्रत्याशी अहलावत के चुनावी हलफनामा की बात करें तो उनके और उनकी पत्नी के पास कुल 11 करोड़ 9 लाख 82,828 रुपए की चल अचल संपत्ति है।

सौरभ भारद्वाज के पास गोपाल राय से ज्यादा संपत्ति

मंत्रियों की ओर से चुनाव अधिकारी के समक्ष दायर किए गए हलफनामे के मुताबिक, मंत्री इमरान हुसैन भी किसी से कम नहीं हैं। वह चल अचल संपत्ति के मामले में तीसरे नंबर की हैसियत रखने वाले करोड़पति मंत्री हैं। इमरान हुसैन और उनकी पत्नी के नाम 3 करोड़ 56 लाख 46,554 रुपए की चल अचल संपत्ति है। इसके अलावा, सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय भी करोड़पति हैं। हालांकि, सौरभ भारद्वाज के पास गोपाल राय से ज्यादा संपत्ति है।

Delhi Elections: दिल्ली के दंगल को त्रिकोणीय क्यों बनाना चाहती है कांग्रेस? जानिए बड़ी वजह

सौरभ भारद्वाज एक बार फिर से ग्रेटर कैलाश सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। मंत्री भारद्वाज और उनकी पत्नी के पास एक करोड़ 47 लाख 88,202 रुपए की चल अचल संपत्ति है। वहीं, दिल्ली के कद्दावर मंत्रियों में शुमार गोपाल राय और उनकी पत्नी के पास एक करोड़ 41 लाख 99,753 रुपए की चल अचल संपत्ति है। गोपाल राय चौथी बार बाबरपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं।

आतिशी के पास 76 लाख की संपत्ति

मुख्यमंत्री आतिशी की बात करें तो उनके पास केवल 76 लाख 93,374 रुपए की चल अचल संपत्ति है। हालांकि, साल 2023-24 के आयकर (इनकम टैक्स) रिटर्न में उनकी सालाना आय आय 9,62,860 रुपए दिखाई गई है। 43 वर्षीय मुख्यमंत्री आतिशी एक बार फिर से कालकाजी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

अरविंद केजरीवाल को चुनौती देने वाले 20 ‘अज्ञात’ नाम कौन हैं? नई दिल्ली सीट की लड़ाई बनी दिलचस्प

गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी करोड़पति प्रत्याशियों की सूची में शामिल हैं। उनके और पत्नी के नाम 4 करोड़ 24 लाख 36,504 रुपए की चल अचल संपत्ति है। हालांकि, केजरीवाल से ज्यादा संपत्ति की मालिक उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल हैं। अरविंद केजरीवाल की वार्षिक आय 7 लाख 21,530 रुपए बताई गई है जबकि पत्नी की इस वित्तीय वर्ष में 14 लाख 10,740 रुपए आय बताई गई है।

वहीं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी करोड़पति प्रत्याशियों में ही हैं। सिसोदिया और उनकी पत्नी के पास कुल 1,40,30,798.6 रुपए की चल अचल संपत्ति है। सिसोदिया की 2023-24 की सालाना आय 11,95,580 रुपए रही।