Delhi Assembly Elections Result: दिल्ली में बेशक कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन विधानसभा चुनावों की वजह से यहां का सियासी मौसम बेहद गर्म है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में बुरी हार का सामना करने वाली बीजेपी दावा कर रही है कि इस बार उस जीत हासिल होगी और अरविंद केजरीवाल की पार्टी को विपक्ष में बैठना पड़ेगा। अब बीजेपी का यह दावा कितना सही साबित होगा, यह तो दिल्ली चुनाव परिणाम वाले दिन ही पता चलेगा लेकिन राजधानी में कई सीटें ऐसी हैं, जहां आम आदमी पार्टी को टक्कर देना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा।
राजधानी दिल्ली में हुए पिछले दो विधानसभा चुनावों में कई सीटें ऐसी हैं जहां आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। इन सीटों पर बीजेपी के लिए उलटफेर करना आसान नहीं होगा। जिन सीटों की हम बात कर रहे हैं, उनमें बुराड़ी विधानसभा सीट, सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट, विकासपुरी विधानसभा सीट, देवली विधानसभा सीट, संगम विहार विधानसभा सीट, ओखला विधानसभा सीट और सीमापुरी विधानसभा सीट शामिल हैं।
बुराड़ी विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
दिल्ली की बुराड़ी विधानसभा सीट पर पूर्वांचलियों का दबदबा है। बुराड़ी गांव में त्यागी जाति के लोगों की आबादी ज्यादा है, यहां कभी सियासी रूप से इन्हीं की पकड़ मानी जाती थी लेकिन समय के साथ इस पूरे क्षेत्र में पूर्वांचलियों और पहाड़ी लोगों की जनसंख्या में इजाफा हुआ है। बीते तीन विधानसभा चुनावों में बुराड़ी में आम आदमी पार्टी के संजीव झा ने जीत दर्ज की है। संजीव झा की गिनती आप के बड़े नेताओं में होती है।
पिछले विधानसभा चुनाव में संजीव झा ने यहां जदयू के शैलेंद्र कुमार को मात दी थी। संझीव झा को 139598 और जदयू के शैलेंद्र कुमार को 51440 वोट हासिल हुए थे। इससे पहले साल 2015 विधानसभा चुनाव में संझीव झा को 124724 और बीजेपी के गोपाल झा को 56774 वोट प्राप्त हुए थे। 2013 के विधानसभा चुनाव में संजीव झा को 60164 वोट तो बीजेपी के कृष्ण त्यागी को 49813 मिले थे। इस चुनाव में कांग्रेस के दीपक त्यागी ने 31649 वोट हासिल किए थे। आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर चौथी पर संजीव झा को उतारा है।
सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
इस सीट को भी आम आदमी पार्टी के गढ़ के रूप में गिना जाने लगा है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां आप के मुकेश कुमार अहलावत को 74573 वोट, बीजेपी के राम चंद्र चावरिया को 26521 मिले थे। इससे पहले साल 2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने इस सीट पर संदीप कुमार को उतारा था। संदीप कुमार को 80269 वोट जबकि बीजेपी के प्रभु दयाल को 15830 वोटों से संतोष करना पड़ा था। सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट पर 1993 से 2013 तक लगातार कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के जय किशन यहां से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। वह साल 1993 में भी यहीं से विधायक का चुनाव जीते। सुल्तानपुर माजरा में इस बार आम आदमी पार्टी के मुकेश कुमार अहलावत, बीजपेी के कर्म सिंह कर्मा और कांग्रेस के जयकिशन के बीच है।
विकासपुरी विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
विकासपुरी विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के टिकट पर महेंद्र यादव ने लगातार तीन चुनाव जीते हैं। उन्होंने साल 2013, 2015 और 2020 में हुए चुनावों में यहां जीत दर्ज की। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां महेंद्र यादव को 133898 वोट मिले जबकि बीजेपी के संजय सिंह को 91840 वोट हासिल हुए। इससे पहले 2015 के विधानसभा चुनाव में महेंद्र यादव को 132437 वोट और बीजेपी के संजय सिंह को 54772 वोट प्राप्त हुए थे। साल 2013 के विधानसभा चुनाव में विकासपुरी में मुकाबला करीबी रहा था। तब यहां महेंद्र यादव को 62032 वोट, बीजेपी के कृष्ण गहलोत को 61627 और कांग्रेस के नंद किशोर को 47331 वोट हासिल हुए थे। विकासपुरी में इस बार महेंद्र यादव का मुकाबला बीजपी के पंकज कुमार सिंह और कांग्रेस के जितेंद्र सोलंकी से है।
देवली विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
दिल्ली की देवली विधानसभा सीट से प्रकाश जरवाल लगातार तीन चुनाव जीते हैं। पिछले चुनाव में प्रकाश जरवाल को 92575 वोट मिले थे। उन्होंने बीजेपी के अरविंद कुमार को हराया। अरविंद कुमार को सिर्फ 52402 वोट नसीब हुए। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में प्रकाश जरवाल को 96530 और बीजेपी के अरविंद कुमार को 32593 वोट हासिल हुए थे। साल 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रकाश जरवाल को 51646 वोट, बीजेपी के लाल प्रधान को 34538 वोट और कांग्रेस के अरविंदर सिंह को 26140 वोट हासिल हुए। कांग्रेस के अरविंदर सिंह यहां से विधायक रह चुके हैं। देवली में इस बार आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी बदला है और प्रेम कुमार चौहान को टिकट दिया है।
संगम विहार विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
दिल्ली की संगम विहार विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी के दिनेश मोहनिया ने लगातार तीन चुनाव जीते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने जदयू के चरण लाल गुप्ता को हराया। दिनेश मोहनिया को 75345 वोट जबकि चरण लाल गुप्ता को 32823 वोट हासिल हुए। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में दिनेश मोहनिया ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े चरण लाल गुप्ता को हराया। तब दिनेश मोहनिया को 72131 वोट और चरण लाल गुप्ता को 28143 वोट प्राप्त हुए थे। इससे पहले साल 2013 के विधानसभा चुनाव में संगम विहार सीट पर बेहद करीबी मुकाबला हुआ था। तब दिनेश मोहनिया को सिर्फ 24851 वोट मिलने के बाद जीत मिल गई थी। उनके सामने चुनाव लड़े बीजेपी के शिव चरण लाल गुप्ता को 24074 वोट मिले जबकि कांग्रेस के जग प्रवेश को 16435, बसपा के वीर सिंह को 9850 वोट और जदयू के शीशपाल सिंह को 9010 वोट प्राप्त हुए। आम आदमी पार्टी ने संगम विहार सीट से फिर दिनेश मोहनिया को चुनाव मैदान में उतारा है।
ओखला विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
ओखला विधानसभा सीट को कभी कांग्रेस पार्टी का गढ़ माना जाता था लेकिन पिछले दो विधानसभा चुनाव में यहां से आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान ने जीत दर्ज की है। उन्हें साल 2020 के विधानसभा चुनाव में 130367 वोट हासिल हुए जबकि बीजेपी के ब्रह्म सिंह को 58540 वोट मिले। इससे पहले साल 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में ओखला विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान को 104271 वोट जबकि बीजेपी के ब्रह्म सिंह को 39739 वोट मिले थे। इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी के आसिफ मोहम्मद खान को 20135 वोट प्राप्त हुए थे। इस बार ओखला में अमानतुल्लाह खान का मुकालबा बीजेपी के मनीष चौधरी और कांग्रेस की आरिबा खान से है।
सीमापुरी विधानसभा सीट चुनाव परिणाम
सीमापुरी विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। यहां से पिछले दो चुनाव राजेंद्र पाल गौतम ने जीते हैं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने यहां से वीर सिंह धींगान को उतारा है। वीर सिंह धींगान पहले कांग्रेस में थे, वो यहां से विधायक भी रह चुके हैं। सीमापुरी विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में आप के टिकट पर चुनाव लड़े राजेंद्र पाल गौतम ने 88392 वोट हासिल कर एलेजेपी के संत लाल को हराया था। संत लाल को 32284 वोट मिले थे। इससे पहले साल 2015 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र पाल गौतम को 79777 वोट और बीजेपी के कर्मवीर को 30956 वोट प्राप्त हुए थे। सीमापुरी सीट पर इस बार आप के वीर सिंह धींगान का मुकाबला बीजेपी की कुमारी रिंकू और कांग्रेस के राजेश तिलोथिया से है।