Delhi Election/Chunav Results 2020: दिल्ली विधानसभा में शुरुआती नतीजों में अपनी पराजय और आम आदमी पार्टी की जीत की संभावना के बाद भाजपा मुख्यालय में एक होर्डिंग लगा है। इस होर्डिंग पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीर है। होर्डिंग पर लिखा हुआ है, “विजय से हम अहंकारी नहीं होते और पराजय से हम निराश नहीं होते।” पोस्टर के नीचे भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश लिखा हुआ है। बीजेपी ने इस होर्डिंग के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है। हालांकि, भाजपा के एक नेता ने इसे पुराना पोस्टर बताया है।
एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली भाजपा नेता मनोज यादव ने कहा कि यह एक पुराना पोस्टर है और इसे दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के साथ नहीं जोड़ना चाहिए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर पूरा कवरेज, दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के लाइव अपडेट, विश्लेषण, सीटवार रिजल्ट…सब कुछ Jansatta.com पर।
मतदान संपन्न होने के बाद एक्जिट पोल में भी संभावना जताई गई थी कि आम आदमी पार्टी आराम से दिल्ली की सत्ता पर फिर से काबिज हो जाएगी। लेकिन एक्जिट पोल को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा था कि बीजेपी इस बार दिल्ली में सरकार बनाएगी। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने तो ट्वीट कर यहां तक कह दिया थी कि बीजेपी 48 सीटें जीत रही है और लोग लोग ये ट्वीट संभाल कर रख लें और ईवीएम को दोष देने का बहाना न ढ़ूंढे।
मौजूदा रुझान दिखा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी 55 से 60 सीटें जीत सकती है और भाजपा के खाते में 10 से 15 सीटें जा सकती है। कांग्रेस का खाता खुलने को लेकर भी संशय बना हुआ है। यदि इस बार फिर से आप की सरकार बनती है और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनते हैं तो वे शीला दीक्षित के बाद लगातार तीसरी बार दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने वाले दूसरे मुख्यमंत्री होंगे।
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, दिल्ली की त्रीनगर और शालीमार बाग विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी (आप) ने जीत दर्ज की है। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चल रही मतगणना के लिए पहले परिणाम की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि आप उम्मीदवार प्रीति तोमर ने त्रीनगर सीट पर 12 हजार वोटों से जीत हासिल की जबकि शालीमार बाग सीट पर बंदना कुमारी ने 800 मतों से जीत दर्ज की।