दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण इस चुनावी मौसम में पंजाब के नेताओं का राजधानी में आना-जाना लगा हुआ है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस से राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव और गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा प्राप्त लोगों की यात्रा योजनाओं और सुरक्षा विवरणों की जानकारी देने को कहा। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने दोनों के बीच संपर्क और समन्वय बनाए रखने के लिए एक सहायक महानिरीक्षक (AIG) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने पंजाब के मंत्रियों और विधायकों सहित अपने सभी सुरक्षा प्राप्त लोगों को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वे अपने दौरे का विवरण एआईजी को उपलब्ध कराएं। यह कदम आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच वाकयुद्ध के बीच उठाया गया है, जब नई दिल्ली से उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह ने विधानसभा चुनावों से पहले आप के अभियान में पंजाब में पंजीकृत कई कारों की मौजूदगी पर सवाल उठाया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के कई अन्य मंत्री आप के लिए प्रचार करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं। मान पहले ही शहर में कम से कम छह रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।
दिल्ली पुलिस ने भेजा पंजाब पुलिस को पत्र
सूत्रों के अनुसार, 10 जनवरी को दिल्ली पुलिस के सुरक्षा प्रभाग की ओर से पंजाब के अतिरिक्त महानिदेशक के नेतृत्व वाली अपनी समकक्ष इकाई को एक पत्र भेजा गया, जिसमें संरक्षित व्यक्तियों की सुरक्षा से संबंधित चिंता के क्षेत्र पर प्रकाश डाला गया। पत्र में कहा गया है कि गणतंत्र दिवस 2025 और दिल्ली विधानसभा चुनावों के संबंध में बढ़ी हुई सुरक्षा सतर्कता के मद्देनजर, पंजाब पुलिस को दिल्ली की यात्रा के दौरान पंजाब के सुरक्षा प्राप्त व्यक्तियों और उनके साथ आने वाले सिक्योरिटी के यात्रा कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करनी चाहिए।
पंजाब पुलिस ने लेटर का दिया यह जवाब
पंजाब पुलिस ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने एडीजीपी, सुरक्षा को विशेष पुलिस आयुक्त, सुरक्षात्मक सुरक्षा प्रभाग, दिल्ली के साथ संपर्क और समन्वय बनाए रखने के लिए कहा है। साथ ही जब भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति सड़क, ट्रेन, हवाई यात्रा करके दिल्ली आने का इरादा रखते हैं तो सुरक्षा प्रदान करने में शामिल पंजाब पुलिस अधिकारियों को जानकारी देने और संवेदनशील बनाने के लिए उपयुक्त उपाय करने के लिए कहा है।
सूत्रों ने बताया कि पंजाब पुलिस ने एक एआईजी, सुरक्षा, पंजाब को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जो दिल्ली पुलिस में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सुरक्षा के संपर्क में रहेगा।
पंजाब पुलिस ने दोनों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया
पंजाब पुलिस के पत्र में आगे कहा गया है कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और आतंकवाद से प्रभावित है। राज्य में हाल ही में पुलिस स्टेशनों पर कई ग्रेनेड हमले हुए हैं और राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा गड़बड़ी फैलाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे में खतरे की आशंका को देखते हुए सुरक्षा प्राप्त व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रासंगिक जानकारी पर विचार किया जाना चाहिए क्योंकि कोई भी अप्रिय घटना देश में आंतरिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसमें कहा गया है, ‘‘यह आश्वासन दिया जाता है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने में पंजाब पुलिस से पूरा सहयोग मिलेगा।’’ पढ़ें- देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स