दिल्ली चुनावों के लिए प्रचार चरम पर है। मतदान की तिथि नजदीक है, इसलिए सभी राजनैतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही हैं। इसी के तहत राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी आज अपनी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में दिल्ली में रोडशो का आयोजन किया। तेजस्वी यादव ने पालम सीट से चुनाव लड़ रहे अपनी पार्टी के उम्मीदवार निर्मल कुमार सिंह के लिए लोगों से वोट मांगे।

जहां एक तरफ तेजस्वी दिल्ली में रोड शो कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार भी आज दिल्ली में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। नीतीश कुमार भाजपा नेता और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगेंगे।

बता दें कि दिल्ली चुनावों में कांग्रेस और राजद गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन के तहत राजद को 4 सीटें मिली हैं। जिन 4 सीटों पर राजद ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, उनमें बुराड़ी, किरारी, उत्तम नगर और पालम सीटें शामिल हैं। बुराड़ी से पार्टी ने प्रमोद त्यागी, किरारी से रियाजुद्दीन खान, उत्तम नगर से शक्ति कुमार बिश्नोई और पालम से निर्मल कुमार सिंह को टिकट दिया है।

भाजपा जदयू-लोजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव में उतरी है। भाजपा जहां 67 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं जदयू 2 और लोजपा एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। जदयू के हिस्से में जो दो सीटें आयी हैं, उनमें बुराड़ी और संगम विहार की सीटें हैं। बुराड़ी से जदयू ने शैलेंद्र कुमार और संगम विहार से एससीएल गुप्ता को टिकट दिया है।

लोजपा दिल्ली की एकमात्र सीमापुरी (आरक्षित) सीट से चुनाव लड़ रही है। इस सीट पर पार्टी ने संतलाल चावड़िया को उतारा है। इस तरह से बुराड़ी सीट पर इन चुनावों में मुकाबला बिहार की तर्ज पर होगा, जहां राज्य की दोनों प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे।

दिल्ली में पूर्वांचल और बिहारी मूल के मतदाता बड़ी संख्या में हैं। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस को बिहार की राजनैतिक पार्टियों के साथ गठबंधन का फायदा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वहीं 11 फरवरी को चुनाव के नतीजों का ऐलान होगा।