आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर धरना दे रहे बीजेपी कार्यकर्ता गुरुवार को जबरन अंदर घुस गए। इस दौरान वे सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। पुलिस ने मामले में छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इससे पहले बीजेपी की दिल्ली इकाई ने सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो क्लिप का हवाला देते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा कर आरोप लगाया कि बीजेपी शासित नगर निगमों के नेताओं की ‘हत्या’ करवाने की ‘साजिश’ की जा रही है।
हालांकि पाठक ने एक बयान में इन आरोपों को बकवास बताया। कहा कि भाजपा लोगों की छवि धूमिल करने के लिए दुष्प्रचार करती रहती है। उधर, दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा ने अपने महापौरों को मारने की साजिश का विरोध करते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता ऐसी चुनौतियों का जवाब देना जानते हैं।
आज बीजेपी के गुंडे मेरी ग़ैरमौजूदगी में मेरे घर के दरवाज़े तोड़कर अंदर घुस गए और मेरे बीवी बच्चों पर हमला करने की कोशिश की. @AmitShah जी आज आप दिल्ली में राजनीति में हार गए तो अब इस तरह से हमें निपटाएँगे? pic.twitter.com/aDwjz6DR3B
— Manish Sisodia (@msisodia) December 10, 2020
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट करके रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पूछा, “राजनाथ जी, क्या आपको नहीं लगता कि पुलिस की मौजूदगी में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के निवास पर हिंसक हमला ग़लत है? आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार द्वारा किसानों के आंदोलन को समर्थन देने पर भाजपा में इतनी बौखलाहट क्यों?”
राजनाथ जी, क्या आपको नहीं लगता कि पुलिस की मौजूदगी में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के निवास पर हिंसक हमला ग़लत है? आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार द्वारा किसानों के आंदोलन को समर्थन देने पर भाजपा में इतनी बौखलाहट क्यों? https://t.co/J60mwOm2FE
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 10, 2020
दिल्ली भाजपा ने एक बयान में कहा, “दिल्ली भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मेयरों की हत्या करवाने की साजिश रचने के लिए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप नेता दुर्गेश पाठक के खिलाफ डीसीपी कार्यालय में एक शिकायत दी।”
दिल्ली भाजपा के महासचिव हर्ष मल्होत्रा भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। उन्होंने आरोप लगाया, “समूची दिल्ली ने उस वीडियो को देखा है जिसमें आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक सरेआम कह रहे हैं कि वह निगम के नेताओं को मार डालेंगे और उनकी बगल में उपमुख्यमंत्री उन्हें शांत करते हुए कह रहे थे कि आसपास मीडिया है।” इससे पहले, भाजपा के विधायक अजय महावर ने मंगलवार को सिविल लाइंस में एक शिकायत दर्ज करायी थी। पाठक ने कहा कि भाजपा कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।