Arvind Kejriwal AAP: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र लिखकर 10 साल सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने की बात कही है। अपने ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा, “पीएम मोदी जी ने 14,500 स्कूलों को अपग्रेड करने का ऐलान किया, जोकि बहुत अच्छ है। लेकिन देश में 10 लाख सरकारी स्कूल हैं। इन्हें एक साथ ठीक करने का भी प्लान बनाया जाए।”
पीएम मोदी ने क्या कहा था:
वहीं इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति की पूरी भावना को समाहित करते हुए प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम-एसएचआरआई) के तहत आदर्श स्कूल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा था कि देश भर में 14,500 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। इन स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति की पूरी झलक समाहित होगी।
केजरीवाल ने ट्वीट में क्या कहा:
पीएम मोदी के इस ऐलान पर अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “प्रधानमंत्री जी को मेरा पत्र। उन्होंने 14,500 स्कूलों को अपग्रेड करने का ऐलान किया, बहुत अच्छा। लेकिन देश में 10 लाख सरकारी स्कूल हैं। इस तरह तो सारे स्कूल ठीक करने में सौ साल से ज़्यादा लग जाएंगे। आपसे अनुरोध है कि सभी दस लाख स्कूलों को एक साथ ठीक करने का प्लान बनाया जाए।”
पत्र में क्या लिखा है:
“आदरणीय प्रधानमंत्री जी, मुझे मीडिया से पता चला है कि केंद्र सरकार ने देश भर में 14,500 स्कूलों को अपग्रेड करने की योजना बनायी है। ये बहुत अच्छी बात है। पूरे देश में सरकारी स्कूलों की हालत बहुत खराब है। उनको अपग्रेड और आधुनिक बनाने की बहुत ज़रूरत है। देश भर में रोज़ 27 करोड़ बच्चे स्कूल जाते हैं। इनमें लगभग 18 करोड़ बच्चे सरकारी स्कूलों में जाते हैं। 80% से ज्यादा सरकारी स्कूलों की हालत किसी कबाड़खाने से भी ज्यादा खराब है। अगर करोड़ों बच्चों को हम ऐसी शिक्षा दे रहे हैं तो सोचिए भारत कैसे विकसित देश बनेगा?”
पत्र में आगे लिखा है, “1947 में हमसे बहुत बड़ी गलती हुई। देश आज़ाद होते ही सबसे पहले हमें भारत के हर गांव और हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल खोलने चाहिए थे। कोई भी मुल्क अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिए बिना तरक्की नहीं कर सकता। 1947 में हमने ऐसा नहीं किया। ज़्यादा दुःख की बात ये है कि अगले 25 साल भी हमने अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने पर ध्यान नहीं दिया। क्या भारत अब और वक्त बर्बाद कर सकता है?”
आगे लिखा है, “आपने केवल 14,500 सरकारी स्कूलों को ठीक करने की योजना बनायी है। देश भर में दस लाख से ज्यादा सरकारी स्कूल है। ऐसे तो सारे सरकारी स्कूलों को ठीक करने में सौ साल से भी ज्यादा लग जाएंगे। तो क्या अगले सौ साल भी हम दूसरे देशों से पीछे रह जाएंगे? देश के हर सरकारी स्कूल में शानदार शिक्षा की व्यवस्था के बिना हमारा देश विकसित देश नहीं बन सकता। देश के 130 करोड़ लोग अब और रुकने के लिए तैयार नहीं हैं। सब लोग चाहते हैं कि भारत दुनिया का नम्बर वन देश बने, भारत एक अमीर देश बने, भारत एक सर्वश्रेष्ठ और शक्तिशाली देश बने।”
केजरीवाल ने पत्र में लिखा, “मेरा आपसे आग्रह है कि 14,500 की बजाय सारे दस लाख सरकारी स्कूलों को शानदार बनाने की योजना बनायी जाए। इसमें सभी राज्य सरकारों को साथ लिया जाए और अगले पांच वर्षों में इसे कार्यान्वित किया जाए। सारा देश यही चाहता है। दिल्ली में हमने बहुत कम पैसों में सरकारी स्कूल बहुत शानदार बना दिए। राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में हम पूरी तरह आपका सहयोग करेंगे।”