लोकआस्था का महापर्व छठ सोमवार से शुरू हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में भी इस मौके पर यमुना नदी में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। हालांकि इस दौरान यमुना का पानी जहरीले झाग से भरा दिखा। इसको लेकर लोग दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को फटकार लगा रहे हैं। लोगों ने केजरीवाल सरकार को यमुना की इस दयनीय स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद और पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस मामले में कहा कि ‘आप’ का ध्यान सिर्फ प्रचार पर है, यमुना के मैली होने को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं।

उन्होंने यमुना नदीं की हालत पर मनोज तिवारी ने ट्वीट में लिखा कि केजरीवाल ने यमुना जी को मैली कर दी और खुद दूसरे प्रदेशों में घूम रहे हैं। वायु प्रदूषण के साथ ज़हरीली झाग में आस्था की डुबकी लग रही है। उन्होंने लिखा कि हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, सब जगह नदी घाट पर छठ पूजा मनाई जा रही है। लेकिन दिल्ली में ऐसा नहीं है क्योंकि हर साल आप सरकार झूठ बोलती है। उसका ध्यान सिर्फ़ प्रचार पर है।

बता दें कि छठ पूजा के दौरान यमुना नदी में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मजबूरन जहरीले झाग वाले पानी में डुबकी लगानी पड़ी। गौरतलब है कि यमुना नदी पर तैरता हुआ खतरनाक झाग, अमोनिया के स्तर में वृद्धि और उच्च फॉस्फेट सामग्री के कारण होता है। यह झाग उन औद्योगिक कचरों से आता है जोकि यमुना नदी में छोड़े जाते हैं।

वैसे यमुना नदी में इससे पहले भी जहरीले झाग बनते रहे हैं। सरकार के सामने यमुना साफ करने का मामला काफी सालों में यथास्थिति में है। छठ पूजा के दौरान यमुना की दुर्दशा वाली तस्वीरों के सामने आने पर विपक्षी दल भी केजरीवाल सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

मनोज तिवारी से पहले बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली में छठ पूजा कर रहे श्रद्धालु यमुना के जहरीले पानी में डुबकी लगाने को विवश हैं। दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग छठ मनाते हैं और यह सुविधाएं प्रदान करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को जाहिर करता है। यही प्रतिबद्धता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कम कर दिया है। शर्म की बात है।