Delhi Elections 2020: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने सभी 70 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अपने 15 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है। पार्टी की तरफ से 8 महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के 46 विधायक अपना टिकट बरकरार रखने में कामयाब हुए हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया पटपड़गंज से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पार्टी ने नरेला से शरद चौहान, बुराड़ी से संजीव झा, तिमारपुर से दिलीप पांडे और आदर्श नगर से पवन शर्मा को टिकट दिया है।
पार्टी ने द्वारका विधासभा सीट से अपने मौजूदा विधायक आदर्श शास्त्री का टिकट काट दिया है। आदर्श शास्त्री की जगह पार्टी ने एक दिन पहले ही कांग्रेस से पार्टी में आए विनय कुमार मिश्रा को टिकट दिया है। विनय मिश्रा पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के बेटे हैं। विनय मिश्रा ने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर पालम सीट से लड़ा था। विनय को पालम से हार का सामना करना पड़ा था।
पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतरी आतिशी मार्लेना को पार्टी ने कालकाजी सीट से टिकट दिया है। वहीं हाल ही में कांग्रेस से आप में शामिल हुए पूर्व विधायक शोएब इकबाल को पार्टी ने मटियामहल इलाके से चुनाव मैदान में उतारा है। लक्ष्मीनगर सीट से नितिन त्यागी, तिमारपुर से दिलीप पांडे, राजेंद्र नगर से राघव चड्ढा, बल्लीमारान से इमरान खान, कोंडली से कुलदीप कुमार, मालवीय नगर से सोमनाथ भारती, ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज को टिकट दिया गया है।
Aam Aadmi Party (AAP) releases the list of candidates for #DelhiElections2020. Chief Minister Arvind Kejriwal to contest from New Delhi, Deputy CM Manish Sisodia to contest from Patparganj. pic.twitter.com/Blkm5JX2tD
— ANI (@ANI) January 14, 2020
पार्टी ने 8 महिलाओं को भी टिकट दिया है। पार्टी ने मंगोलपुरी से राखी बिडलान, शालीमार बाग से बंदना कुमारी, राजौरी गार्डन से धनवंति चंदेला, हरीनगर से राजकुमारी ढिल्लो, पालम से भावना गौर, आरके पुरम से प्रमिला टोकस और रोहताशनगर से सरिता सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
आम आदमी पार्टी ने इस बार 9 सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं। तिमारपुर से पार्टी ने मौजूदा विधायक पंकज पुष्कर का टिकट काट दिया है। पार्टी ने 46 मौजूदा विधायकों पर ही दांव लगाया है।

