देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने सभी को परेशान कर रखा है। पूरे दिल्ली-एनसीआर में धुंध छाई हुई है और हवा की श्रेणी बेहद खराब स्तर की बनी हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के करीब दर्ज किया गया। इस बीच केवल एकमात्र शहर है, जहां पर आप चैन की सांस ले सकते हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल सबसे कम प्रदूषित शहर है। यहां पर AQI केवल 27 दर्ज किया गया है।
सबसे कम प्रदूषित शहर
दिल्ली में AQI 373 दर्ज किया गया है। असम की राजधानी गुवाहाटी सबसे कम प्रदूषित शहरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। यहां पर AQI सिर्फ 50 है जबकि केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम का AQI 57 है, जो तीसरे नंबर पर है।
वहीं हम तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का जिक्र करें तो यहां AQI 108 है, जो सबसे कम प्रदूषित शहरों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है। जबकि बेंगलुरु का AQI 118 के साथ पांचवें नंबर पर और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का AQI 129 दर्ज किया गया, जो छठे स्थान पर है।
खराब AQI के बीच केंद्र ने कर्मचारियों के ऑफिस टाइम में किया फेरबदल
सबसे अधिक प्रदूषित शहर
वहीं सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की बात करें तो देश की राजधानी दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ दूसरे नंबर पर सबसे अधिक प्रदूषित शहर है। यहां पर AQI 367 दर्ज किया गया जबकि तीसरे नंबर पर सबसे अधिक प्रदूषित शहर पटना है, जहां पर AQI 249 दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में AQI 248 दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में AQI 244 दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की लिस्ट पांचवें नंबर पर है। अहमदाबाद में AQI 208 दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की लिस्ट में छठे नंबर पर है।
ग्रैप 4 दिल्ली में लागू
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच अब ग्रैप 4 के प्रतिबंध लागू हैं। अब बड़े वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगी है जबकि निर्माण कार्यों पर भी प्रतिबंध लगा है। इसके अलावा दिल्ली में पंजीकृत चल रही डीजल गाड़ियों पर भी रोक लगी है। जितने भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनको भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।