चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) आज दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी विरोध प्रदर्शन के लिए राजधानी पहुंचे।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। पुलिस को दिल्ली के कई इलाकों और पंजाब से भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के आने की सूचना मिली है। इसको देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 1000 जवान तैनात रहेंगे।

राजधानी नई दिल्ली की सीमाओं पर पंजाब और हरियाणा से आने वाले आप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भी दिल्ली पुलिस ने जवानों को तैनात किया है। दिल्ली बॉर्डर पर चल रही चेकिंग को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी किए। अब इसके ख़िलाफ़ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आ रही जनता को जगह जगह दिल्ली भर में रोका जा रहा है।

भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी आप

दिल्ली पुलिस की तरफ से यह भी जानकारी दी गई कि बीजेपी ने भी 2 फरवरी को AAP मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने उन्हें भी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। बीजेपी ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।

दोनों पार्टियों का मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है और इनके बीच की दूरी 800 मीटर से भी कम है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उचित इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’’

बीजेपी का केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन

गौरतलब है कि मंगलवार को भाजपा ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव में जीत हासिल की और इस जीत से आप और कांग्रेस को झटका लगा है। भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि उसके अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी अन्य लोगों के साथ केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए जारी पांचवें समन को लेकर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होने की संभावना नहीं है। केजरीवाल चंडीगढ़ महापौर चुनाव में धोखाधड़ी के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय के बाहर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।