सात साल में पहली बार दिल्ली के अंदर जनवरी से अप्रैल के माह में स्वच्छ हवाओं वाले दिनों की संख्या डेढ़ गुना से अधिक तक बढ़ी है। केंद्र सरकार के वायु गुणवत्ता आयोग ने दिल्ली की साफ हवाओं का यह आंकलन रविवार को जारी किया है। रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2023 में अच्छे व सामान्य दिनों की संख्या बढ़ी है। 2016 में खराब से गंभीर श्रेणी के 103 दिन थे, जो कि इस वर्ष 2023 में घटकर केवल 68 दिन रह गए हैं।
आयोग के मुताबिक वर्ष 2023 में वातावरण में पीएम 10 और 2.5 स्तर भी न्यूनतम रहा है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कोरोनाकाल के दौरान में सभी गतिविधियों के बंद होने से वायु गुणवत्ता के हिसाब से सबसे अच्छे दिन दर्ज कराए गए थे। ये आंकड़ा 2020 में 68 दिन तक पहुंच गया था। हालांकि जैसे जैसे गतिविधियों को मंजूरी दी गई। उस स्थिति में साफ दिनों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। साफ हवाओं का आंकड़ा वर्ष 2016 में आठ, 2017 में 29, 2018 में 32, 2019 में 44, 2020 में 68. 2021 में 31, 2022 में 27 और 2023 में 52 दिन दर्ज किया गया।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस वर्ष जनवरी से अप्रैल के बीच में खराब और गंभीर श्रेणी में दिनों की संख्या 37.03 फीसद कम हुआ है। यह वर्ष 2016 में 108 दिन था, जो कि वर्ष 2023 में गिरकर 68 दिन हो गया है। बीते सात सालों की स्थिति देखें को इस बार कोरोनाकाल के बाद पीएम 10 और पीएम 2.5 की स्थिति सबसे कम दर्ज की गई है। दिल्ली में भी बीते सात साल में इन चार माह के दौरान औसतन वायु गुणवत्ता स्तर सबसे कम दर्ज किया गया है।