Cyclone Fani: शक्तिशाली चक्रवाती तूफान फणी से ओडिशा में शनिवार तक 12 लोगों की जान चली गई, जबकि बांग्लादेश में भी 14 लोग की मौत हो गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश में इससे लगभग 58 करोड़ रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। गर्मी के मौसम में दस्तक देने के एक दिन बाद शनिवार को राज्य के लगभग 10,000 गांवों और शहरी क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य शुरू किए गए। यह चक्रवात दुर्लभतम है। अधिकारियों ने बताया कि 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे इस भीषण चक्रवाती तूफान की वजह से शुक्रवार को पुरी में तेज बारिश और आंधी आई। तूफान के कमजोर पड़ने और पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से पहले इसकी चपेट में आये कस्बों और गांवों में बहुत से घरों की छतें उड़ गईं और कई घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए।

प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए रवाना होने से पहले, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक बयान में कहा कि नागरिक समाज संगठनों, एनडीआरएफ, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) के र्किमयों और एक लाख अधिकारियों के साथ लगभग 2,000 आपातकालीन कर्मचारी, सामान्य जीवन को फिर से बहाल करने के कार्य में लगे हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आपदा के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को आठ थी, जो मयूरभंज जिले में चार और लोगों के मारे जाने के बाद बढ़कर 12 हो गई।

फणी तूफान की तबाही के बाद भारतीय तट रक्षक की तरफ से पुरी का एक वीडियो जारी किया गया है। क्लिप में एरियल व्यू (हवाई नजारा) से तूफान के गुजरने के बाद के हालात को दर्शाया गया है। वीडियो देखने के लिए नीचे ‘अपडेट्स सेक्शन’ में जाएं।  इससे पहले, पश्चिम बंगाल के लोगों ने चक्रवात फणी के शनिवार सुबह कमजोर पड़ने पर राहत की सांस ली।

‘फणी’ से आंध्र में 10 हजार नारियल के पेड़ गिरे, 58.61 करोड़ का नुकसानः ओडिशा में ‘फणी’ का असर पड़ोसी आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों पर भी पड़ा। चक्रवात की वजह से आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश हुई और 10 हजार नारियल पेड़ उखड़ गए। कृषि और बागवानी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान की वजह से 58.61 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। मुख्य तौर पर यह नुकसान श्रीकाकुलम जिले में हुआ जिसकी सीमा ओडिशा से लगती है। हालांकि, 24 घंटे के भीतर हालत सामान्य होने लगे।

 

Live Blog

19:37 (IST)04 May 2019
फणी के गुजरने के बाद कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट ने शुरू किया परिचालन

चक्रवात फणी के गुजरने के बाद कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट (केओपीटी) ने फिर से परिचालन शुरू कर दिया है। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एहतियातन उपाय के तहत शुक्रवार को कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के दोनों डॉक पर माल के उतारने और चढ़ाने का काम रोक दिया गया था।

कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष विनित कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, "आज सुबह से ही कोलकाता और हल्दिया के गोदी में दोनों जगहों पर परिचालन फिर से शुरू हो गया। चक्रवात के कारण किसी भी बंदरगाह के आधारभूत ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ।"

18:56 (IST)04 May 2019
चक्रवात: कोलकाता और भुवनेश्वर हवाईअड्डों पर उड़ानों का परिचालन बहाल

चक्रवाती तूफान ‘फणी’ के ओडिशा से गुजरने के बाद कोलकाता और भुवनेश्वर में उड़ानों का परिचालन शनिवार को बहाल हो गया। नागरिक विमानन मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने शाम को ट्वीट किया, ‘‘भुवनेश्वर हवाईअड्डे से उड़ानों का परिचालन बहाल हो गया है। रांची से एलायंस एयर की उड़ान यहां उतरने वाली पहली उड़ान है।’’

भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के प्रबंधन वाले कोलकाता हवाईअड्डा ने भी ट्वीट किया कि उड़ानों का परिचालन बहाल हो गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को इस तूफान के चलते भुवनेश्वर हवाईअड्डे पर उपकरणों और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा था।

18:08 (IST)04 May 2019
अब बांग्लादेश में फणी से 14 मरे, 63 जख्मी

बांग्लादेश में शनिवार को चक्रवाती तूफान फणी के दस्तक देने के बाद कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से 'भाषा' की रिपोर्ट में बताया गया कि तूफान के चलते 63 और लोग जख्मी भी हुए हैं। बांग्लादेश के अधिकारियों ने कहा कि 16 लाख से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं, क्योंकि देश के तटवर्ती इलाकों में तटबंधों के टूटने के चलते करीब 36 गांवों में पानी भर गया है।

'ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, ये मौतें नोआखली और लक्ष्मीपुर सहित आठ जिलों से दर्ज की गई हैं, जो चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। मृतकों में दो साल का एक बच्चा और चार महिलाएं भी शामिल हैं। नोआखली जिले में मकानों के ढहने से 30 ग्रामीण घायल हो गए। देश के तटीय जिलों में इस चक्रवाती तूफान से सैकड़ों मकान नष्ट हो गए।

17:26 (IST)04 May 2019
कहां-कहां होगी बारिश? मौसम विभाग ने बताया

मौसम विभाग ने बताया कि चार मई को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में और पांच मई को अरुणाचल प्रदेश में बारिश होगी। हालांकि, यह भी कहा गया कि पांच मई के बाद इसका असर होगा।

16:57 (IST)04 May 2019
मौसम विभाग ने किया साफ- अब यह राज्य सुरक्षित, फणी से नहीं कोई खतरा

ओडिशा के अधिकांश हिस्सों को तबाह करने वाले चक्रवात ‘फणी’ से पश्चिम बंगाल को अब कोई खतरा नहीं है, क्योंकि यह पड़ोसी बांग्लादेश में प्रवेश करने से पहले और कमजोर हो चुका है। ओडिशा में शुक्रवार को इस चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचायी थी, जिसमें 12 लोगों की जान चली गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यहां क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक संजय बंद्योपाध्याय ने पीटीआई को बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में, विशेष रूप से बांग्लादेश से सटे जिलों में मध्यम बारिश होगी, लेकिन शहर और आसपास के क्षेत्र में मौसम की स्थिति दिन में सामान्य रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रणाली (चक्रवात) से बंगाल को कोई खतरा नहीं है। पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से पहले यह भीषण चक्रवाती तूफान कमजोर हो गया था।’’ बंद्योपाध्याय ने कहा, ‘‘फणी का अभी और आगे बढ़ना जारी रहेगा और अगले छह घंटों में इसके और कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके दोपहर तक बांग्लादेश की तरफ मुड़ने की भी संभावना है।’’

16:48 (IST)04 May 2019
फणी गया फिर भी यहाां इतनी फ्लाइट्स रद्द, देखें पूरा ब्यौरा

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के उत्तरी पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय से शनिवार को बताया गया कि फणी के प्रभाव के चलते 59 फ्लाइट्स गुवाहाटी में, आठ अगरतला में, दो दीमापुर में, दो लीलाबाड़ी में, चार डिब्रूगढ़ में और छह इंफाल में रद्द कर दी गई हैं।

16:39 (IST)04 May 2019
एनडीआरएफ की 65 टीमों ने इन जगहों पर संभाल रखा है मोर्चा

चक्रवाती तूफान फणी का असर भले ही फिलहाल कम हो गया हो, मगर देश के विभिन्न राज्यों में हालात पहले जैसे नहीं हो पाए हैं। यही वजह है कि एनडीआरएफ की 65 रेस्क्यू और रिलीफ टीमें ओडिशा (44), पश्चिम बंगाल (नौ), आंध्र प्रदेश (तीन) और अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड व मेघालय में एक-एक, जबकि झारखंड, केरल और तमिलनाडु में दो-दो टीमें तैनात हैं।

16:18 (IST)04 May 2019
अगरतला में सड़कें जलमग्न, जन-जीवन प्रभावित

फणी के गुजरने के बाद शनिवार को अगरतला में सड़कें जलमग्न दिखीं। दरअसल, चक्रवाती तूफान के दौरान जोरदार बारिश हुई थी। ( फोटोः पीटीआई)

16:15 (IST)04 May 2019
फणी- 1999 के बाद का सबसे शक्तिशाली तूफान

माना जा रहा है कि साल 1999 के बाद का यह अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए 6 मई को स्थिति का जायजा लेने के लिए ओडिशा जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक बयान में कहा कि उन्होंने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से तूफान के बाद की स्थिति को लेकर चर्चा की है।

चक्रवाती तूफान फणी ने ओडिशा में भारी तबाही मचायी। राज्य में विभिन्न हादसों में 8 लोगों की जान चली गई। राहत और बचाव कार्यों के लिए केन्द्र सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।  केन्द्र सरकार प्रभावित राज्यों को लगातार मदद दे रही है। पीएम ने कहा कि पूरा देश तूफान से प्रभावित लोगों के साथ खड़ा हुआ है।

15:58 (IST)04 May 2019
भारतीय तटरक्षक ने किया पुरी का हवाई सर्वे, फणी की 'तबाही' के बाद कुछ ऐसा दिखा नजारा
15:46 (IST)04 May 2019
PM ने दिलाया भरोसा- राज्य को केंद्र से मिलती रहेगी मदद

मयूरभंज जिले के आपात अधिकारी एस के पति ने कहा, बारीपदा में अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात की और तटीय राज्य में चक्रवात आने के बाद की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार को आश्वासन दिया कि केंद्र की तरफ से राज्य को लगातार सहायता मिलती रहेगी।

15:26 (IST)04 May 2019
ओडिशाः फणी से अब तक 12 की मौत, राहत कार्य जारी

चक्रवाती तूफान फणी से ओडिशा में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है। तूफान के दस्तक देने के एक दिन बाद शनिवार को राज्य के लगभग 10,000 गांवों और शहरी क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे इस अत्यंत भयंकर चक्रवाती तूफान की वजह से शुक्रवार को पुरी में तेज बारिश और आंधी आयी।

तूफान के कमजोर पड़ने और पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से पहले इसकी चपेट में आये कस्बों और गांवों में बहुत से घरों की छतें उड़ गयीं और कई घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए। अधिकारियों ने कहा कि आपदा के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को आठ थी, जो मयूरभंज जिले में चार और लोगों के मारे जाने के बाद बढ़कर 12 हो गई। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी आनी अभी बाकी है।

15:24 (IST)04 May 2019
मृतकों की संख्या पर भी CM ने किया दावा, बोले...

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसी के साथ दावा किया कि उनकी ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फानी तूफान के चलते मरने वालों की संख्या फिलहाल सिंगल डिजिट (10 के अंदर) में है।

13:40 (IST)04 May 2019
ओडिशाः 24 घंटे में रिकॉर्ड 12 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि 24 घंटे में रिकॉर्ड 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसमें गंजम जिले से 3.2 लाख, पुरी से 1.3 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इस काम में 45 हजार वॉलिंटियर्स ने मदद की। लोगों के लिए 9000 आश्रय स्थलों में 7000 किचन लोगों के लिए खाने की व्यवस्था में लगे हैं।

13:01 (IST)04 May 2019
चक्रवात फणी बांग्लादेश की ओर बढ़ा, बंगाल में बड़ा असर नहीं कोलकाता

चक्रवाती तूफान अब बांग्लादेश की ओर बढ़ गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के लोगों ने चक्रवात फणी के शनिवार सुबह कमजोर पड़ने पर राहत की सांस ली। क्षेत्रीय मौसम केंद्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर में रात में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और मध्यम से भारी बारिश हुई। अधिकारी ने बताया कि चक्रवात जिन जिलों से गुजरा, वहां किसी के हताहत होने या किसी बड़ी क्षति की कोई खबर नहीं है।

12:35 (IST)04 May 2019
संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने चक्रवात फणी में नुकसान कम करने के लिए भारत की प्रशंसा की

संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने चक्रवात फणी  को लेकर भारतीय मौसम विभाग की भविष्यवाणी व शीघ्र चेतावनी के लिए  प्रशंसा की। एजेंसी ने कहा कि इसके जरिये ही भारत चक्रवात से होने वाले नुकसान को कम से कम रख सका।

11:03 (IST)04 May 2019
कोलकाताः चक्रवात तूफान फणी के कारण पीएम मोदी, अमित शाह की रैली का दिन बदला

चक्रवाती तूफान फणी के कारण राज्य में पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैलियों का समय बदल दिया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि तमलुक और झारग्राम में 5 मई को होने वाली पीएम मोदी की रैली अब 6 मई को आयोजित होगी। इसती तरह से अमित शाह की घाटल, मिदनापोर और बिशुनपुर में 6 मई को होने वाली रैली अब 7 मई को होगी।

10:58 (IST)04 May 2019
कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू

कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू हो गया है। एयर इंडिया ने शनिवार को घोषणा की कि 9ः45 बजे से कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों का परिचालन शुरू हो जाएगा। इससे पहले डीजीसीए ने गुरुवार को ओडिशा और कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन पर रोक लगा दी थी।