साइक्लोन बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) तेजी से गुजरात के जखाऊ पोर्ट की ओर बढ़ रहा है। 15 जून की शाम तक चक्रवाती तूफान के सौराष्ट्र-कच्छ, मांडवी, जखाऊ बंदरगाह और पाकिस्तान के सिंध के पास केटी बंदरगाह और कराची के पास पहुंचने की संभावना है। गुजरात के कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के पास चक्रवात की संभावित दस्तक से पहले राज्य प्रशासन ने तट के पास रहने वाले 74,345 लोगों को एहतियात के तौर पर स्थानांतरित कर दिया है। विज्ञप्ति के अनुसार, कच्छ जिले में लगभग 34,300 लोगों को, जामनगर में 10,000, मोरबी में 9243, राजकोट में 6089, देवभूमि द्वारका में 5035, जूनागढ़ में 4604, पोरबंदर जिले में 3469 और गिर सोमनाथ जिले में 1605 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

  1. कच्छ के कलेक्टर अमित अरोड़ा ने बताया कि पूर्वानुमान के मुताबिक साइक्लोन बिपरजॉय आज शाम 4-5 बजे के बीच लैंडफॉल करेगा। जिला प्रशासन इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। 47000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 6 NDRF, 3 RPF और 2 SDRF की टीम लगाई गई है। आर्मी को स्टैंड बाय पर रखा गया है।
  2. IMD महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने जानकारी दी कि चक्रवात बिपरजॉय सौराष्ट्र, कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह जखाऊ से करीब 180 किमी की दूरी पर है। इसकी हवाओं की रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटे रफ्तार से चल रहा है। यह शाम तक तट पर पहुंचेगा। यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड़, छोटे मकान, मिट्टी के घर, टिन के घरों को नुकसान हो सकता है।
  3. गुजरात के जूनागढ़ जिले में चक्रवात बिपरजॉय के प्रभाव के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। तटों के किनारे स्थिति घरों में समुद्र का पानी घुस गया, स्थानीय लोगों और मछुआरों के अलर्ट जारी किया गया है। बिपरजॉय के प्रभाव के कारण पोरबंदर, द्वारका, मांडवी में तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं । मुंबई में भी चक्रवात ‘बिपरजॉय’ का प्रभाव देखने को मिल रहा है। समुद्र में आज ऊंची लहरें उठ रही हैं।
  4. सीमा सुरक्षा बल, अहमदाबाद के आईजी रवि गांधी ने कहा कि BSF अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात है और जो चक्रवात बिपरजॉय आने वाला है उसका असर सीमवर्ती इलाकों में है। हमारे सभी जवान अलर्ट हैं और सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। इस विपदा से निपटने के लिए जो भी हम प्रयास कर सकते हैं वो हम कर रहे हैं।
  5. पश्चिम रेलवे ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि चक्रवात के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और सात ट्रेन को रद्द किया गया है। तीन ट्रेन को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा जबकि चार ट्रेन को उनके तय स्टेशन से अलग स्टेशन से चलाया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि चक्रवात के कारण 76 ट्रेन रद्द की गई हैं, 36 ट्रेन को उनके गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा जबकि 31 ट्रेन को उनके तय स्टेशन के बजाय दूसरे स्टेशन से चलाया जाएगा।
  6. चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के मद्देनजर गुजरात के दो सबसे प्रसिद्ध मंदिर- देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर और गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
  7. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सौराष्ट्र-कच्छ तट के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच, कच्छ और देवभूमि द्वारका के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा देखी गई। इन दो जिलों के चक्रवात से सबसे अधिक प्रभावित होने की उम्मीद है।
  8. आईएमडी गुजरात के निदेशक मनोरमा मोहंती के अनुसार, चक्रवात गुरुवार शाम 4 से 8 बजे के बीच जखाऊ बंदरगाह के पास टकराएगा। मौसम विभाग ने कहा कि यह 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जखाऊ बंदरगाह के पास टकराएगा। 15 जून को, कच्छ, पोरबंदर, जामनगर और मोरबी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होगी।
  9. चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के चलते मुंबई के मरीन लाइन्स में ऊंची लहरें देखने को मिल रही हैं। सुबह 10.29 बजे मुंबई में हाईटाइड की चेतावनी जारी की गई है।
  10. गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि 47 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। लोगों को हर प्रकार की सुविधा दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 270 महिलाओं की डिलवरी हो गई है। सभी टीमें सुनिश्चित कर रही हैं कि नुकसान कम से कम हो।