बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज को नोटिस जारी किया गया है। आप नेता सत्येंद्र जैन की याचिका पर भाजपा सांसद को राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को क्रिमिनल डिफेमेशन नोटिस जारी किया। सत्येंद्र जैन ने आरोप लगाया है कि बांसुरी स्वराज ने 5 अक्टूबर 2023 को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में 20 दिसंबर 2024 को सुनवाई होगी।
कोर्ट द्वारा दिए गए नोटिस में बांसुरी स्वराज को 20 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि बांसुरी स्वराज खुद या उनकी तरफ से उनके वकील पेश हो सकते हैं। वहीं कोर्ट 20 दिसंबर को सत्येंद्र जैन और उनके दो गवाहों के बयान भी दर्ज करेगी।
सत्येंद्र जैन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, “बांसुरी स्वराज ने 5 अक्टूबर 2023 को एक टीवी चैनल पर एक इंटरव्यू के दौरान उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी, इस इंटरव्यू को लाखों लोगों ने देखा था।” आप नेता ने दावा किया है कि यह टिप्पणी बांसुरी स्वराज ने उन्हें बदनाम करने और अनुचित राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए की थी। उन्होंने कहा, “बांसुरी स्वराज ने झूठा दावा किया कि उनके घर से 3 करोड़ रुपये,1.8 किलोग्राम सोना और 133 सोने के सिक्के बरामद किए गए थे।” सत्येंद्र जैन ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें बदनाम करने के लिए बांसुरी स्वराज ने उन्हें भ्रष्ट और धोखेबाज कहा।
बांसुरी को सिविल डिफेमेशन नोटिस
इससे पहले भी बीजेपी सांसद बांसुरी को रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट द्वारा इसी मामले में सिविल डिफेमेशन नोटिस भेजा गया था। यह नोटिस भी बांसुरी को सत्येंद्र जैन की याचिका पर ही भेजा गया था।
उद्धव और राज ठाकरे के बीच होने वाली है सुलह! क्या साथ मिलकर लड़ेंगे BMC चुनाव
रोहिंग्या और बांग्लादेशी शरणार्थियों के मसले पर AAP-BJP आमने-सामने
हाल ही में रोहिंग्या और बांग्लादेशी शरणार्थियों के मसले पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली में बसाने के आरोपों के साथ अमित शाह को पत्र लिखा। जिसके बाद एबीपी न्यूज से बातचीत करते हुए सांसद बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी शरणार्थियों के फर्जी वोटर आईडी बनवाने का आरोप लगाया।
बांसुरी स्वराज ने कहा, ‘संविधान भारतीय नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने गैर कानूनी तरीके से देश में घुस आए बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओ को बसा दिए हैं। दिल्ली सरकार ने इन लोगों के फर्जी वोटर आईडी बनवाकर भारतीय नागरिकों के अधिकार का हनन किया है।’ सीएम आतिशी के पत्र पर बांसुरी ने कहा कि दिल्ली में किसी भी अवैध रोहिंग्या प्रवासी को EWS फ्लैट आवंटित नहीं किया गया है। गृह मंत्रालय इस बात की पुष्टि कर चुका है। दिल्ली के मौसम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग
