शिवसेना नेता और लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और उनके बेटे आदित्य ठाकरे पर पिछले 15 सालों में मुंबई के लोगों को जबरदस्त तरीके से लूटने के आरोप लगाए हैं। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत ने पार्टी के शाखा संपर्क अभियान के दौरान उद्वव ठाकरे पर बीएमसी में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
उन्होंने सवाल किया कि कोरोना के दौरान BMC ने एक बॉडी बैग 6719 रुपये में क्यों खरीदा जब ठाणे नगर निगम द्वारा वहीं बॉडी बैग 350 रुपये में खरीदा गया। पार्टी के संपर्क अभियान के दौरान श्रीकांत शिंदे अंधेरी इलाके में शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “यह कैसे संभव है कि जो डेड बॉडी बैग्स ठाणे नगर निगम ने 350 रुपये प्रति बैग के हिसाब से खरीदे, वहीं बैग्स BMC द्वारा 6500 रुपये प्रति बैग के हिसाब से कैसे खरीदे गए? यह कई उदाहरणों में से एक है कि जब लोग मर रहे थे तो ठाकरे परिवार ने मुंबई के लोगों को कैसे लूटा रहा था।”
BMC एशिया का सबसे भ्रष्ट नगर निगम
श्रीकांत शिंद ने बीएमसी को एशिया में सबसे भ्रष्ट नगर निगम करार दिया। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के 15 सालों ने बीएमसी को एशिया में सबसे भ्रष्ट नगर निगम बना दिया। हमारे मराठी मानुष, हमारे शिव सैनिकों को उनके नेतृत्व में क्या मिला, यह सोचने का समय है। हमारे मराठी लोगों को अपना शहर छोड़कर या तो ठाणे या कल्याण-डोंबिवली जाना पड़ा। उन्हें मुंबई से बाहर धकेल दिया गया और इसके लिए सिर्फ उद्धव और आदित्य ठाकरे जिम्मेदार हैं।
उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदित्य को पहले अपने 15 साल के कार्यकाल को देखना चाहिए और लोगों को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो हमपर पैसे लेने के आरोप लगा रहे हैं, SIT जांच में पता चल जाएगा कि किसने कितने रुपये लिए हैं। ईडी की जांच में यह साफ हो जाएगा कि सूरज चव्हाण और सुजीत पाटकर के लिंक्स किस से जुड़े हैं।
आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही ED ने संजय राउत और आदित्य ठाकरे के करीबियों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसके अलावा बीएमसी के सेंट्रल परचेज डिमार्टमेंट की भी तलाशी ली गई थी। ED जंबो कोविड ट्रीटमेंट अस्पताल संचालित करने के लिए एक फर्म को सिविल कांट्रेक्ट दिए जाने के मामले में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है।
कोविड सेंटर स्कैम को लेकर उठ रहे सवालों के बाद पिछले शनिवार को उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि PM CARES FUND में स्कैम की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा ठाणे नगर निगम सहित राज्य में शिंदे गुट के नेतृत्व वाली अन्य संस्थाओं की भी जांच होनी चाहिए।