सरकार का कहना है कि देश में कोरोना से मरने वाले लोगों में 88 फीसदी लोग 45 साल से ऊपर के थे। वहीं, हरियाणा सरकार ने कोरोना के मद्देनजर होली का त्योहार सार्वजनिक तौर मनाने पर रोक लगाई। बता दें कि भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का खौफ अब बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 47 हजार 262 नए केस दर्ज हुए हैं। यह पिछले 132 दिनों में सबसे ज्यादा आंकड़ा है। इसके अलावा 275 लोगों की मौत हुई है, जो कि इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। कोरोना के खतरे को देखते हुए अब तक कई राज्य सरकारें आंशिक लॉकडाउन का ऐलान कर चुकी हैं, हालांकि पूर्ण लॉकडाउन को लेकर केंद्र सरकार का साफ कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन होने की अभी कोई संभावना नहीं है।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नई गाइडलाइंस का मतलब नए संक्रमणों पर ध्यान देना, न कि प्रतिष्ठानों को बंद करना। अप्रैल के महीने के लिए अपने नए दिशानिर्देश में गृह मंत्रालय ने कहा कि सभी गतिविधियों को अनुमति दी गई है। केंद्र ने कहा कि इन गतिविधियों में के लिए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन करना होगा, व्यक्तियों और वस्तुओं के अंतरराज्यीय और जटिल आंदोलन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। अधिकांश राज्य अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए कोविड -19 परीक्षण अनिवार्य कर रहे हैं। लॉकडाउन केवल एक निश्चित समय के लिए संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करता है, लेकिन राज्यों को ट्रैकिंग और परीक्षण की तरफ ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

जावड़ेकर ने बढ़ते कोरोना को लेकर कहा कि केंद्र लगातार उन राज्यों के संपर्क में है, जो कोविड-19 संक्रमण में वृद्धि की रिपोर्ट कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार होगा। देश के कुछ हिस्से में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि आरटी-पीसीआर जांच, जांच-निगरानी-उपचार प्रोटोकॉल को कड़ाई से लागू करने और सभी प्राथमिकता समूहों के टीकाकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इसी के साथ अब तक भारत में कोरोना के 1 करोड़ 17 लाख 34 हजार 58 केस आ चुके हैं, जबकि कुल 1 लाख 60 हजार 441 जानें भी गई हैं। फिलहाल एक्टिव केसों की संख्या 3 लाख 68 हजार से कुछ ज्यादा है और रिकवरी रेट गिरावट के साथ 95.67 फीसदी पर पहुंच चुका है।

दिल्ली सरकार ने उन जगहों की लिस्ट जारी की है, जहां कोरोनावायरस फैलने का खतरा सबसे ज्यादा है। इनमें सिनेमा हॉल, धार्मिक स्थल, मॉल, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक स्थलों को रखा गया है। सरकार ने सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में निगरानी बढ़ा दें। बता दें कि दिल्ली में पिछले एक दिन में कोरोना के 1101 नए केस मिले हैं, जबकि 4 लोगों की मौत हुई है।

Live Blog

19:30 (IST)24 Mar 2021
मणिपुर में कोरोना के 10 नए मामले, एक ने महामारी से गंवाई जान

मणिपुर में आज कोरोना के 10 नए मामले और 1 मौत दर्ज की गई। 

18:58 (IST)24 Mar 2021
लोगों की लापरवाही के चलते बढ़ रहे कोरोना के मामले: पंजाब सीएम

पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों पर राज्य के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में लोग कोरोना के नियम पता होने के बाद भी लापरवाही बरत रहे हैं जिससे स्थिति गंभीर हो चली है।

18:25 (IST)24 Mar 2021
देश के इन राज्यों में कम रहा कोरोना टीकाकरण

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि तेलंगाना, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और चंडीगढ़ में फ्रंटलाइन वर्कर्स का COVID-19 टीकाकरण कम हुआ है।

18:19 (IST)24 Mar 2021
कोरोना के एक्टिव मामलों में देश में शीर्ष 10 में महाराष्ट्र के नौ जिले शामिल

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि शीर्ष 10 जिले जहां सबसे ज्यादा कोरोना के एक्टिव मामले हैं उनमें पुणे, नागपुर, मुंबई, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद, बेंगलुरू,नांदेड़, जलगांव और अकोला शामिल हैं। 9 जिले महाराष्ट्र और एक कर्नाटक के हैं।

17:41 (IST)24 Mar 2021
महाराष्ट्र और पंजाब में बढ़ते कोविड मामले गंभीर चिंता का विषय

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि महाराष्ट्र और पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामले गंभीर चिंता का विषय हैं। महाराष्ट्र ने पिछले 24 घंटों में 28,000 से अधिक मामले दर्ज किए और पंजाब अपनी जनसंख्या के अनुपात में बड़ी संख्या में मामले रिपोर्ट कर रहा है।

16:37 (IST)24 Mar 2021
गृह मंत्रालय ने COVID-19 के नियंत्रण के लिए जारी किए दिशानिर्देश

गृह मंत्रालय ने COVID-19 के नियंत्रण के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। जो कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लागू रहेंगे। दिशानिर्देश के मुताबिक राज्य / केंद्र शासित प्रदेश सरकारों को टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करना होगा। 

16:10 (IST)24 Mar 2021
हरियाणा: कोरोना के मद्देनजर सार्वजनिक तौर पर नहीं मनाया जाएगा होली का त्योहार

हरियाणा सरकार ने कोरोना के मद्देनजर होली का त्योहार सार्वजनिक तौर मनाने पर रोक लगाई है।

16:01 (IST)24 Mar 2021
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, स्थानीय प्रतिबंध लगाने पर विचार करें राज्य: केंद्र

COVID-19 मामलों में भारी उछाल के बीच केंद्र ने राज्यों से आगामी त्योहारों के दौरान सार्वजनिक जगहों पर लोगों की भीड़ को कम करने के लिए स्थानीय प्रतिबंध लगाने पर विचार करने के लिए कहा है।

15:18 (IST)24 Mar 2021
70 फीसदी से अधिक मामले इन पांच राज्यों में

देश में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। देश में आज 47 हजार से अधिक कोरोना के नए मरीज मिले हैं। इनमें से 77.44 फीसदी मरीज देश के इन पांच राज्यों —महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात से आए हैं। बुधवार को महाराष्ट्र में सर्वाधिक 28,699 नए कोविड केस दर्ज किए गए। इसके बाद दूसरे नंबर पर पंजाब में 2,254 और कर्नाटक में 2,010 मामले दर्ज किए गए। 

14:41 (IST)24 Mar 2021
गुजरात : सार्वजनिक जगहों पर होली खेलने पर लगी रोक

गुजरात में कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने होली के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत गुजरात में होली पर सार्वजनिक अनुष्ठान अथवा भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों के आयोजित करने पर रोक लगा दी है। 

13:53 (IST)24 Mar 2021
महाराष्ट्र : अब बीड में भी लगा लॉकडाउन

महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। देश में आज कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के बीड जिले में भी लॉकडाउन लगा दिया गया है। बता दें कि बीड से पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद, नागपुर, अकोला, परभणी में लॉकडाउन लगाया गया। वहीं पुणे समेत कई जिलों में नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। 

13:31 (IST)24 Mar 2021
भारत में 23 करोड़ से ज्यादा कोरोना सैंपल्स की जांच हुई

भारत में अब तक 23 करोड़ 64 लाख 38 हजार 861 सैंपल्स जांचे जा चुके हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, पिछले 24 घंटे की बात करें, तो देश में 10 लाख 25 हजार टेस्ट हुए हैं। इसी दौरान 23 लाख 46 हजार 692 और लोगों को कोरोना वैक्सीन दी गई। अब तक कुल 5 करोड़ 8 लाख 41 हजार 286 वैक्सीन दी जा चुकी हैं।

13:10 (IST)24 Mar 2021
अब तक देश में 5 करोड़ कोरोना वैक्सीन लगीं

इस बीच एक सुकून की बात यह है कि भारत में कोरोना वैक्सीन लगने का काम भी तेजी से चल रहा है। पिछले 24 घंटे में देश में 23 लाख वैक्सीन लगाई गई हैं। देश में अब तक कुल 5 करोड़ वैक्सीन दी जा चुकी हैं। एक दिन पहले ही केंद्र ने ऐलान किया है कि 1 अप्रैल से देश में 45 साल के ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लग सकती है, यानी यह जरूरी नहीं कि किसी को पहले से कोई बीमारी हो। स्वस्थ लोग भी अपने हिसाब से टीका लगवा सकते हैं।

12:56 (IST)24 Mar 2021
दिल्ली में सार्वजनिक स्थलों पर त्योहार मनाने पर रोक

दिल्‍ली में कोरोना संक्रमण के 1000 से ज्‍यादा मामले सामने आने के बाद केजरीवाल सरकार अब सख्ती बरतने के मूड में है। राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर होली, शब-ए-बारात और नवरात्रि के मनाने पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली सरकार के नए आदेश के मुताबिक, त्योहारों के दौरान दिल्ली में किसी भी सार्वजनिक स्थान, पब्लिक ग्राउंड, पब्लिक पार्क मार्केट या धार्मिक स्थान में त्योहारों के दौरान सार्वजनिक उत्सव, लोगों के इकट्ठा होने और जलसा मनाने पर रोक है।

12:25 (IST)24 Mar 2021
महाराष्ट्र: कोरोना से दूसरी बार संक्रमित पाए गए मंत्री

महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे ने कहा कि मंगलवार को वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, उनका स्वास्थ्य ठीक है। यह दूसरी बार है जब सामाजिक न्याय मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इससे पहले वह पिछले साल जून में संक्रमित हो गए थे।

12:00 (IST)24 Mar 2021
कोरोना केस बढ़ने के पीछे पांच राज्य जिम्मेदार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कोरोनावायरस के नए केसों में से 77.44 फीसदी के लिए पांच राज्य- महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात जिम्मेदार हैं। मंत्रालय के मुताबिक, 28 हजार 699 केसों के साथ महाराष्ट्र अब भी 50 फीसदी से ज्यादा मामलों के पीछे है। इसके अलावा पंजाब से 2254 नए मामले और कर्नाटक से 2010 नए केस आए हैं। 

11:34 (IST)24 Mar 2021
मध्य प्रदेश के और शहरों में भी लग सकता है रविवार को लॉकडाउन

कोरोनावायरस के बढ़ते असर के चलते मध्य प्रदेश के तीन शहरों में रविवार को लगने वाले लॉकडाउन का दायरा बढ़ाया जा सकता है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि अब यह लॉकडाउन उन छोटे शहरों में भी लग सकता है, जहां कोरोना के केस में तेजी देखी जाएगी। बता दें कि भोपाल और इंदौर में हर दिन 300-400 केस आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरी हाथ जोड़कर अपील है कि सभी लोग कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें। 

11:12 (IST)24 Mar 2021
दिल्ली सरकार बोली- धार्मिक स्थल, सिनेमा हॉल में कोरोना फैलने का सबसे ज्यादा खतरा

दिल्ली की अरविंदर केजरीवाल सरकार ने कहा है कि कोरोनावायरस फैलने का सबसे ज्यादा खतरा सिनेमा हॉल, धार्मिक स्थल, मॉल, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक स्थलों से है। सरकार ने सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में निगरानी बढ़ा दें। बता दें कि दिल्ली में पिछले एक दिन में कोरोना के 1101 नए केस मिले हैं, जबकि 4 लोगों की मौत हुई है।