भारत में कोरोनावायरस से संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक हुए कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर खुद इस बात की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके संपर्क में आए लोग अपनी जांच कराएं। पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 2931 नए केस आए, जिससे राज्य में संक्रमितों की संख्या 1 लाख के पार पहुंच गई। बंगाल सातवां ऐसा राज्य है, जहां कोरोना के एक लाख से ज्यादा केस हैं। अब तक महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली और उत्तर प्रदेश बंगाल से आगे हैं। दूसरी तरफ आज ही ओडिशा में कोरोना के कुल मामले 50 हजार के पार पहुंच गए। अब तक देश में कुल 12 राज्यों में ओडिशा से ज्यादा केस हैं।

बता दें कि पिछले 24 घंटे में देश में एक बार फिर कोरोना के 60 हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 23 लाख 29 हजार 639 तक पहुंच गई है। इतना ही नहीं देश में पिछले एक दिन में 834 लोगों की जान भी गई है और अब कुल मौतों का आंकड़ा 46 हजार 91 पर आ गया है। इस लिहाज से भारत अभी दुनिया में कोरोना से मौतों के मामले में पांचवें स्थान पर है।

देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 5 लाख 35 हजार के पार हो गई है। वहीं, 24 घंटे में 256 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 18,306 हो गई है। देश के कुल मौतों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है।

संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में 5834 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 3 लाख 8 हजार 649 हो गया है। तीसरे नंबर पर फिलहाल
आंध्र प्रदेश काबिज हो गया है। यहां 2 लाख 44 हजार 549 केस हैं, जबकि चौथे नंबर पर कर्नाटक में 1 लाख 88 हजार 611 केस हैं। तीसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश में 2203 मौतों के मुकाबले कर्नाटक में अभी 3398 मरीजों की मौत हो चुकी है।

फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 67 फीसदी यानी 16 लाख 39 हजार 600 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 50 हजार से ज्यादा मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 6 लाख 43 हजार है।

Live Blog

15:40 (IST)12 Aug 2020
आईपीएलः राजस्थान रॉयल्स के फील्डिंग कोच कोरोना से संक्रमित

इंडियन प्रीमियर लीग इस साल संयुक्त अरब अमीरात में खेली जाएगी। इसके लिए सरकार ने बीसीसीआई को मंजूरी दे दी है। हालांकि, खिलाड़ियों पर कोरोना से संक्रमित होने का खतरा मंडराने लगा है। राजस्थान रॉयल्स के फील्डिंग कोच दिशांत याग्निक की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस बारे में आईपीएल फ्रेंचाइजी ने बयान भी जारी किया। बता दें कि खिलाड़ियों को अगले हफ्ते मुंबई में जुटना है, जिसके बाद सभी यूएई के लिए फ्लाइट्स से रवाना होंगे।

15:17 (IST)12 Aug 2020
यूपीः गोरखपुर के अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को कोरोनावायरस के खिलाफ तैयारियों को परखने के लिए अचानक ही गोरखपुर दौरे पर निकल गए। यहां उन्होंने बीआरडी मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और अस्पताल के इंतजाम देखे। बता दें कि यूपी में अभी कोरोना के 1 लाख 31 हजार केस हैं। इनमें करीब 4 हजार केस गोरखपुर जिले में हैं।

14:56 (IST)12 Aug 2020
हिमाचल प्रदेशः राज्य में आज मिले कोरोना के 39 नए केस, संक्रमितों की संख्या 3536 हुई

हिमाचल प्रदेश में कोरोना का खतरा थमता नजर नहीं आ रहा है। राज्य में आज 39 पॉजिटिव केस मिले। इसी के साथ अब हिमाचल में कोरोना के कुल 3536 केस हैं। इनमें 1200 एक्टिव हैं, जबकि 2292 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इसके अलावा 16 लोगों की जान भी गई है। सबसे ज्यादा 856 केस सोलन में हैं, जबकि कांगड़ा में भी 539 केस आ चुके हैं।

14:26 (IST)12 Aug 2020
महाराष्ट्रः धारावी में 10 दिनों से कोरोना से एक भी मौत नहीं

महाराष्ट्र में कोरोना टेस्टिंग की संख्या बढ़ने से कोरोना के मामले अब स्थिर होते दिख रहे हैं। इसी सिलसिले में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी से अच्छी खबर है। अफसरों का कहना है कि 10 दिनों में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती में संक्रमण से एक भी मौत नहीं हुई है। मंगलवार को यहां 24 केस सामने आए। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आंकड़ों के मुताबिक, धारावी में अब तक 2634 केस आ चुके हैं। अब यहां सिर्फ 81 एक्टिव केस हैं। 2295 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। 258 लोगों की मौत हो चुकी है।

13:56 (IST)12 Aug 2020
प्रणब मुखर्जी की हालत नाजुक, बेटी शर्मिष्ठा बोली- भगवान उनके साथ जो बेहतर हो वही करें

भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कोरोना संक्रमित होने के बाद से ही उनकी हालत नाजुक है। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस बीच उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि भगवान उनके साथ जो बेहतर हो, वही करें और मुझे खुशी और दुख को स्वीकार करने की ताकत दें। आपकी चिंताओं के लिए मैं सभी की शुक्रगुजार हूं।

13:23 (IST)12 Aug 2020
पुडुचेरी में कोरोना के 481 नए केस आए, संक्रमितों की संख्या 6381 हुई

पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 481 नए केस दर्ज हुए हैं, जबकि 5 लोगों की जान गई है। इसी के साथ अब यहां संक्रमितों की संख्या 6381 हो गई है, जबकि कुल 96 जानें गई हैं। इस केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल 2616 एक्टिव केस हैं, जबकि 3669 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक 75 लोगों की जान भी जा चुकी है।

12:53 (IST)12 Aug 2020
बंगाल सातवां राज्य जहां कोरोना के 1 लाख से ज्यादा केस

भारत में कोरोना के 23 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। अब तक महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश में 1-1 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अब बंगाल में भी कोरोना के कुल केस 1 लाख के पार पहुंच गए हैं। फिलहाल राज्य में 1 लाख 1 हजार कोरोना केस हैं। वहीं, 2149 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 73 हजार मरीज ठीक भी हो चुके हैं।

12:25 (IST)12 Aug 2020
न्यूजीलैंडः 102 दिन बाद आया कोरोना का पहला केस, फ्रेट इंपोर्ट के जरिए संक्रमण आने की आशंका

न्यूजीलैंड में 102 दिन के बाद कोरोना का केस आने से हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, जिन लोगों को कोरोना हुआ है, वे बाहर नहीं गए थे। ऐसे में शक जताया जा रहा है कि कोरोना फ्रेट इंपोर्ट के जरिए देश में आया हो। बता दें कि ऑकलैंड में एक ही परिवार के चार लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद शहर में प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया गया है।

11:59 (IST)12 Aug 2020
ओडिशाः 24 घंटे में कोरोना के 1876 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 50 हजार के पार

ओडिशा में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या में इजाफा जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 1876 नए केस आए हैं। इसी के साथ अब तक यहां कुल 50 हजार 672 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें फिलहाल 15,508 एक्टिव केस हैं, जबकि 34,806 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। प्रवासी मजदूरों के आने से राज्य का गंजम जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमितों की संख्या 13 हजार के पार पहुंच चुकी है, जबकि राज्य में हुई कुल 358 मौतों में से 152 यहीं हुई हैं।

11:34 (IST)12 Aug 2020
कर्नाटकः कांग्रेस नेता सिद्धारमैया कोरोना से मुक्त, कल होंगे डिस्चार्ज

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी के साथ 13 अगस्त यानी कल उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उनके दफ्तर की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सिद्धारमैया अब पूरी तरह ठीक हो चुकी हैं। बता दें कि 71 साल के सिद्धारमैया को 4 अगस्त को मणिपाल अस्पताल में भर्ती किया गया था।

11:11 (IST)12 Aug 2020
राजस्थानः आज कोरोना के 595 नए मामले, 10 की मौत

राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा जारी है। राज्य में आज 595 नए संक्रमित सामने आए हैं, जबकि 6 लोगों की जान भी गई है। इसी के साथ राजस्थान में अब तक 55 हजार 482 पॉजिटिव केस दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा 821 लोगों की मौत हुई है। आज सबसे ज्यादा 115 मामले बीकानेर में दर्ज हुए हैं। इसके अलावा धौलपुर से भी 107 केस आए हैं। फिलहाल राज्य में 40,558 लोग कोरोना से मुक्त हो चुके हैं, जबकि 14,103 एक्टिव केस हैं।

10:48 (IST)12 Aug 2020
उत्तराखंडः कोविड सेंटर में खाने और बाथरूम की ठीक व्यवस्था नहीं, प्रदर्शन पर बैठे मरीज

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर स्थित पंतनगर में बनाए गए एक क्वारैंटाइन सेंटर में लोगों ने अच्छा खाना और बाथरूम की सुविधा न होने के चलते विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में सीएमओ को हस्तक्षेप करना पड़ गया। इसके बाद ही लोगों को शांत कराया जा सका। फिलहाल लोगों को घर पर ही क्वारैंटाइन करने का भी इंतजाम किया जा रहा है।

10:24 (IST)12 Aug 2020
भारत में 24 घंटे में 7.33 लाख टेस्ट हुए, अब तक 2.60 करोड़ से ज्यादा सैंपल्स जांचे गए

देश में 24 घंटे में कोरोना के 7 लाख 33 हजार टेस्ट हुए हैं। आईसीएमआर के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में कुल 2 करोड़ 60 लाख 15 हजार 297 सैंपल्स टेस्ट हुए हैं। हालांकि, भारत का टेस्ट पॉजटिविटी रेट अब 10 फीसदी के करीब पहुंच गया है, जबकि रिकवरी रेट 67 फीसदी से ऊपर है। बता दें कि भारत में पिछले हफ्ते शुक्रवार को पहली बार कोरोना के 6 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए थे।