देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 51 लाख से ज्यादा हो गई है। हालांकि, इस बीच एक अच्छी बात यह है कि इसमें से 40 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। मतलब एक्टिव केसों की संख्या 10 लाख के आसपास है और रिकवरी रेट बढ़कर 78.64% हो गया है। कोविड-19 महामारी से अब तक 83 हजार से ज्यादा लोगों की जान चुकी है। इस हिसाब से अभी कोरोना से होने वाली मृत्यु दर 1.625% है।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मृत्यु दर को एक फीसदी से कम करना है। पिछले दो दिनों से देश में रोजाना 82,000 से ज्यादा कोरोना के मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, पिछले 30 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में कोरोना के 24 लाख 68 हजार 588 नए मामले सामने आए। इस दौरान 21 लाख 3 हजार 974 मरीज रिकवर हुए यानी 85% से ज्यादा मरीज ठीक हुए। इसका मतलब है कि पिछले 30 दिनों के दौरान देश में कोरोना से ठीक होने की रिकवरी दर 85% से भी ज्यादा रही। इस दौरान कोरोना से 32194 लोगों की जान गई।

http://www.covid19india.org के मताबिक, 17 सितंबर 2020 को दोपहर 3:30 बजे तक देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 51,22,846 थी। इसमें से 40 लाख 24 हजार 689 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 10 लाख 14 हजार 172 है। इनमें से करीब आधे मामले (48.45% ) देश के तीन राज्यों (महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश) से हैं। यदि इनमें उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु को भी जोड़ दें तो करीब 60% एक्टिव केस इन्हीं 5 राज्यों में हैं।

हालांकि, एक बात अब भी है जो चिंता पैदा करती है। दरअसल, अब दुनिया में सबसे ज्यादा एक्टिव केस भारत में ही बढ़ रहे हैं। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या में हर दिन 14 से 15 हजार इजाफा हो रहा है। वहीं, अमेरिका में हर दिन 6 से 7 हजार एक्टिव केस ही बढ़ रहे हैं। देश में जून में रोजाना 500 से 1000 एक्टिव केस बढ़ रहे थे। जुलाई में यह आंकड़ा 2000 से 3000 की बीच पहुंच गया। अगस्त में यह संख्या बढ़कर 7-8 हजार हो गई। अब सितंबर में रोजाना 14-15 हजार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं।