Corona Virus in India: देश में फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर सुप्रीम कोर्ट के जज अरुण मिश्रा ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस कलयुग में वायरस से लड़ना मुश्किल है। कोर्टरूम में उन्होंने कहा कि ऐसी महामारी हर 100 साल में आती है। कलयुग में हम वायरस से नहीं लड़ सकते हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा हर 100 साल में ऐसी महामारी आती है। कलयुग में हम वायरस से नहीं लड़ सकते। उन्होंने आगे कहा कि, इंसान की कमजोरी देखिए, आप हथियार तो बना सकते हैं लेकिन आप वायरस से नहीं लड़ सकते हैं। हमें इससे अपने स्तर पर लड़ाई लड़नी होगी।
जस्टिस एम आर शाह ने भी ऐहतियात बरतने की निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आप लोग 5-6 वकीलों के साथ आते हैं। बार से यह अपील है कि सीनियर वकील अपने साथ एक ही वकील के साथ आएं। ये हमारी-आपकी भलाई के लिए ही है।
दरअसल कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए किए जा रहे एहतियाती उपायों के हिस्से के रूप में कार्यालय में प्रवेश से पहले ये जांच की जा रही है। स्वास्थय मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या अब बढ़कर 147 हो गई है। इसमें 25 विदेशी नागरिक शामिल हैं। ताजा आंकड़ा सुबह नौ बजे तक का है। अबतक कुल 14 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं जबकि 3 लोगों की मौत हुई है।