देश में जारी कोरोना संकट के बीच मरीजों के इलाज के लिए जरूरी दवा और ऑक्सीजन की कमी देखने को मिल रही है। मुंबई के नालासोपारा के विनायक अस्पताल में कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी की वजह से 7 कोविड मरीजों की मौत हो गई। नाराज परिवार के सदस्यों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया है।
हालांकि अस्पताल के डॉक्टरों के द्वारा आरोपों से इनकार किया गया है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा कि क्षेत्र में केवल यही एक अस्पताल है जहां गंभीर रोगियों को भी भर्ती किया जाता है। उन रोगियों की मृत्यु या तो उनकी उम्र या अन्य कारणों से हुई है। मृतकों के परिजनों ने कहा है कि प्रशासन ने उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी के बारे में सूचित नहीं किया था। मरीजों की मौत के बाद परिवार के सदस्य अस्पताल के बाहर जमा हो गए उन लोगों ने मौत के लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार बताया। उत्तेजित लोगों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को हस्तकक्षेप करना पड़ा।
मध्यप्रदेश में भी ऑक्सीजन की कमी: कोरोना संकट से परेशान मध्यप्रदेश के कई अस्पतालों में भी ऑक्सीजन की कमी का मामला सामने आया है। कई जगहों पर मरीजों के परिजनों को सिलेंडर लाने के लिए कहा जा रहा है। मध्यप्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से पांच मरीजों की मौत की खबर है।
लखनऊ में भी हालत बदतर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। लोगों की हो रही मौत के बाद श्मशानों में कतारें लंबी हो गयी है। एक आंकड़े के अनुसार कोरोना संक्रमण के कारण हो रहे मौत के आंकड़े पिछले कुछ दिनों 300 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
लगातार तीसरे दिन आए डेढ़ लाख से ज्यादा मामले: भारत में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन मंगलवार को लगातार डेढ़ लाख से ज्यादा मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में 1,61,736 नए कोरोना केस सामने आए हैं। इस दौरान 879 लोगों की मौत हुई है।
