देश में कोरोना विषाणु संक्रमण के नए मामले फिर दो लाख से अधिक हो गए। मंगलवार रात साढ़े ग्यारह बजे तक 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना के 2,09,075 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान संक्रमण की वजह से 4,165 लोगों की मौत हुई। सोमवार को देश में 41 दिन बाद दो लाख से कम 1,96,427 नए मामले दर्ज किए गए थे। ये आंकड़े राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य विभागों की ओर से जारी किए गए।

मंगलवार को तमिलनाडु में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कोरोना के 34,285 नए मामले दर्ज किए गए जबकि 468 लोगों की संक्रमण के कारण मृत्यु हुई। तमिलनाडु के बाद केरल में 29,803, महाराष्ट्र में 24,136, कर्नाटक में 22,578, पश्चिम बंगाल में 17,005, आंध्र प्रदेश में 15,284, ओड़ीशा में 10,939, असम में 5,767, पंजाब में 4,798, उत्तर प्रदेश में 3,957, तेलंगाना में 3,821, छत्तीसगढ़ में 3,506, राजस्थान में 3,404, बिहार में 3,306, गुजरात में 3,255, जम्मू कश्मीर में 2,964, हरियाणा में 2,817, उत्तराखंड में 2,756, मध्य प्रदेश में 2,422, हिमाचल प्रदेश में 1,999, दिल्ली में 1,568, गोवा में 1,549, झारखंड में 1,394, पुदुचेरी में 1,237, मेघालय में 957, मणिपुर में 824, त्रिपुरा में 773, चंडीगढ़ में 258, अरुणाचल प्रदेश में 480, मिजोरम में 290, सिक्किम में 278, नगालैंड में 276, लक्षद्वीप में 264 और लद्दाख में 125 नए मामले दर्ज किए गए।

इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि महामारी की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश में पहले से ही युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कोविड प्रबंधन कार्यक्रम का जायजा के लिए मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मंडलीय समीक्षा बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे।

भारत में अप्रैल के महीने में 49 हजार से अधिक मौत हुई थीं। पिछले सप्ताह तो दुनिया में कोरोना संक्रमण के कारण होने वाली हर तीन में से एक मृत्यु भारत में हो रही थी। राज्यों की बात करें तो सबसे अधिक 89,212 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं।

हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार देश की मृत्यु दर को दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले कम बताता रहा है। वर्तमान स्थिति के मुताबिक अब तक सबसे अधिक प्रभावित रहे अमेरिका की मृत्यु दर 1.80 फीसद और इटली की मृत्यु दर तीन फीसद रही है। इटली में संक्रमित होने वाले 100 लोगों में से तीन लोगों की मौत हुई।