कोरापुट (ओडिशा)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि पार्टी दक्षिण ओडिशा में चक्रवात हुदहुद से प्रभावित किसानों की अधिकतम एवं शीघ्र मदद के लिए केन्द्र पर दबाव बनाएगी।
गांधी ने जयपोर में चक्रवात प्रभावित किसानों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘मैं चक्रवात द्वारा हुए नुकसान का जायजा लेने और फसल बर्बादी के शिकार किसानों की परेशानियों को जानने के लिए यहां आया हूं।’’
किसानों को अर्थव्यवस्था की ‘रीढ की हड्डी’ बताते हुए अमेठी से सांसद ने कहा कि किसानों को चक्रवात के कारण बहुत नुकसान हुआ और कांग्रेस दबाव बनाने तथा केन्द्र से अधिकतम सहायता सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकसभा में यह मुद्दा उठाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित किसानों को उचित सहायता तथा राहत मिले। मैं चक्रवात से हुए नुकसान को अपनी आंखों से देखने के लिए निजी रूप से यहां आया हूं ताकि इस मामले को उचित तरीके से उठाया जा सके।’’
गांधी ने कहा कि उन्होंने किसानों से उनकी दुर्दशा के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायत है कि उन्हें उचित मुआवजा और सहायता नहीं मिली है जबकि उनकी खड़ी फसल बर्बाद हो गई।