मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी को विदेशियों द्वारा स्थापित पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए विदेशियों ने कांग्रेस पार्टी की स्थापना की थी। वह यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आज भी जो लोग शीर्ष पर बैठे हैं वो खुद मूल रूप से विदेशी हैं।
मिश्रा का यह बयान कांग्रेस की अंतर्कलह को लेकर आया है। कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने पार्टी के खिलाफ बागी रुख अपनाते हुए पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। गोविंद सिंह ने कहा कि पार्टी के अंदर लोकतंत्र नहीं है और वह कई दिनों से यह देखते आ रहे हैं। गोविंद सिंह के इस बयान पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि गोविंद जी गलत जगह पर सही चीज की अपेक्षा कर रहे हैं। वहां लोकतांत्रिक मूल्यों की कद्र नहीं है।
दिग्विजय सिंह पर भी साधा निशाना: उप चुनाव के लिए प्रचार से दिग्विजय सिंह की दूरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जहां प्रचार के लिए जाएंगे वहां कांग्रेस का वोट कट जाएगा इसलिए वह प्रचार में नहीं दिख रहे हैं। कांग्रेस की खाट चर्चा पर भी उन्होंने तंज कसा उन्होंने कहा कि ये लोग संसद में सोते हैं और खाट पर भाषण देते हैं। हम लोग खाट पर सोते हैं और संसद में भाषण देते हैं।