साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। जहां विपक्ष बीजेपी और मोदी सरकार को परास्त करने के उद्देश्य से एकजुट होता दिख रहा है तो वहीं दूसरी तरफ पार्टियों द्वारा जनता का मूड जानने के लिए सर्वे भी कराए जा रहे हैं। कांग्रेस ने हाल ही में दावा किया है कि उसे 2019 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली की 7 में से 5 सीटों पर जीत मिलेगी। कांग्रेस ने मंगलवार (6 जून) को कहा है कि पार्टी द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कराया गया था, जिसमें यह बात सामने आई है कि दिल्ली की 7 संसदीय सीटों में से 5 पर कांग्रेस को जीत मिलेगी।

कांग्रेस के सर्वे के मुताबिक चांदनी चौक, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली की सीट पर पार्टी को जीत मिलेगी। वहीं संसदीय क्षेत्र दक्षिणी दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उत्तरी-पूर्वी दिल्ली पर बीजेपी को जीत मिलेगी। इसके अलावा कांग्रेस का कहना है कि सर्वे में यह सामने आया है कि लोग अगले प्रधानमंत्री के तौर पर राहुल गांधी को देखना चाहते हैं। कांग्रेस के सर्वे में दावा किया गया है कि पीएम के तौर पर 39.8 फीसदी लोगों की पहली पसंद राहुल गांधी हैं और 35.3 फीसदी लोगों की पसंद नरेंद्र मोदी हैं।

कुछ दिनों पहले तक कांग्रेस और आप के गठबंधन करने की खबरें सामने आ रही थीं, जिन पर दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय माकन ने रोक लगा दी। माकन ने मंगलवाल को कहा, ‘हमारे कार्यकर्ता और नेता आप के साथ गठबंधन करना नहीं चाहते। सर्वे बता रहा है कि कांग्रेस सही दिशा में जा रही है।’ सर्वे करने वाले रिसर्चर विकास कुमार झा का कहना है कि उन्होंने 70 में से 24 विधानसभा क्षेत्रों से 1,276 लोगों के ऊपर यह सर्वे किया है। उन्होंने बताया कि रेंडम सैंपलिंग के द्वारा इन लोगों को चुना गया था और सर्वे पूरी तरह से निष्पक्ष रहा।

सर्वे में सामने आया कि 42.5 फीसदी उत्तरदाता

आप सरकार के संतुष्ट हैं और 7.5 फीसदी पूरी तरह से संतुष्त हैं। वहीं 30.6 फीसदी लोग मोदी सरकार से संतुष्ट हैं और 7.8 फीसदी लोग मोदी सरकार से पूरी तरह संतुष्ट हैं। वहीं शीला दीक्षित के शासन से 54 फीसदी लोग संतुष्ट हैं और 15.4 फीसदी लोग पूरी तरह संतुष्ट हैं। विकास कुमार झा ने बताया कि जब उत्तरदाताओं से सवाल किया गया कि अगर लोकसभा चुनाव कल हो जाएगा तो वो किसे वोट करेंगे। इस सवाल के जवाब में 41.2 फीसदी लोगों ने कांग्रेस को चुना, 27.4 फीसदी ने बीजेपी और 16.8 फीसदी ने आप को चुना। आपको बता दें कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस दिल्ली की सभी लोकसभा सीटें हार गई थी।