उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से कुछ ज्यादा समय ही रह गया है। इस बीच सभी राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है। चुनावों के मद्देनजर ही कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में अपने यूपी दौरे की शुरुआत की। वे सबसे पहले ब्लॉक पंचायत चुनाव में बदसलूकी का शिकार हुईं सपा कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचीं। हाल ही में जब एक टीवी डिबेट में स्थानीय चुनाव में हिंसा और प्रियंका के दौरे को लेकर सवाल किया गया, तो राजनीतिक विश्लेषक शांतनु गुप्ता और कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के बीच तीखी बहस हो गई।
दरअसल, राजनीतिक विश्लेषक शांतनु गुप्ता से जब लखीमपुर खीरी की घटना और प्रियंका गांधी के दौरे से जुड़ा सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि जो ब्लॉक स्तर या पंचायत में चुनाव होते हैं उनमें हिंसा का इतिहास रहा है। लेकिन लखीमपुर वाली घटना में पूरा थाना सस्पेंड कर दिया गया। उसमें जो आरोपी थे, उन्हें भी तुरंत गिरफ्तार किया गया।
शांतनु ने आगे कहा, “प्रियंका गांधी पर्यटक हैं, मैं इस बात का क्यों अनुमोदन करता हूं। अगर आप प्रियंका गांधी को यूपी का प्रभारी बनाते हैं, तो उनके पास मेरिट क्या हैं। मैं तो उन्हें हर पांच साल में अमेठी-रायबरेली जाता देखता हूं। अगर वे 75 में से 20 जिलों के नाम भी बता दें तो मुझे आश्चर्य होगा। बस वो इंदिरा गांधी जैसी दिखती हैं, इससे ज्यादा क्या मेरिट है उनकी?”
एंकर ने कांग्रेस प्रवक्ता से किया सवाल?: इसके बाद एंकर ने कांग्रेस प्रवक्ता से पूछा कि 30 साल पहले आपने 50 का आंकड़ा पार किया था। उसके बाद अगर हम लोकसभा को देखें, तो 1998 से लेकर अब तक सिर्फ 2009 में ही आपने 20 सीटों के आंकड़े को पार किया। इतनी ज्यादा बुरी स्थिति रही आपकी 2017 में कि पहली बार कांग्रेस पार्टी 403 में 117 सीटों पर चुनाव लड़ती है और सिर्फ सात सीटों पर जीत हासिल करती है। इतनी सारी कमियां हैं, तो क्या कांग्रेस पार्टी भाजपा का विकल्प बन पाएगी?
क्या बोलीं कांग्रेस प्रवक्ता?: इसे लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “किसानों की तो ऐसी हालत कर दी थी योगी जी ने कि हर जिले में एक नोडल अफसर तैनात किया गया था। वो भी डीआईजी स्तर का। जिसका सिर्फ एक काम था कि कौन से किसान आंदोलन की तरफ जा रहे हैं। ये लोग धमकी देते थे कि ऑक्सीजन मांगोगे तो एनएसए लगा देंगे। प्रॉपर्टी जब्त कर लेंगे।”
कोई यहां प्रियंका गांधी की मेरिट पर बात कर रहा था। इन साहब का क्या मेरिट है। यह किस तरह से राजनीतिक विशेषज्ञ हैं। इनकी जो किताबें हैं, वो तो भाजपा पर हैं। तो ये भाजपा की सदस्यता ले लें। ये राजनीतिक विशेषज्ञ न बनें और बनें तो लिखें कि भाजपा या संघ का समर्थन करते हैं।
सुप्रिया बोलीं- लोग बनाएंगे कांग्रेस और विपक्ष को विकल्प: इसके बाद सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस के विकल्प बनने के सवाल पर कहा कि मोदी जी को 37 फीसदी वोट मिला है और कांग्रेस का कुल वोट 20 फीसदी है। विपक्ष और कांग्रेस का वोट बैंक मिलाकर मोदीजी से ज्यादा है। विकल्प लोग बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग भुखमरी से, अपराध से, बेरोजगारी से, डर से और आतंक से जूझ रहे हैं, वही लोग विकल्प बनाते हैं और वही हमें और बाकी विपक्ष को विकल्प बनाएंगे।