रविवार को अमेरिका के ह्यूस्टन में पीएम मोदी ने भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सब ठीक है। खास बात ये है कि पीएम मोदी ने ये बातें अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं में कही। अब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। जिसमें कांग्रेस ने वीडियो को एडिट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पीएम मोदी कह रहे हैं कि भारत में सब अच्छा है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यही बात पंजाबी, गुजराती समेत अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं में कही। इस पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए देश की अर्थव्यवस्था के पिछले 6 सालों में सबसे निचले स्तर 5% पर आने की बात कही। कांग्रेस ने बेरोजगारी दर बढ़ने का जिक्र किया और बताया कि पिछले 45 सालों में देश में बेरोजगारी दर सबसे ज्यादा 6.1% हो गई है।

कांग्रेस ने देश में ऑटोमोबाइल सेक्टर में आयी मंदी का भी जिक्र किया और बताया कि ऑटो सेक्टर में विकास दर पिछले 19 सालों में सबसे कम है और इस सेक्टर में 3.5 लाख नौकरियां जा चुकी हैं। कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में पिछले 49 दिनों से जारी प्रतिबंधों की बात भी कही। इसके अलावा सरकार पर पेट्रोल-डीजल के दाम हर दिन बढ़ाने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस ने बदले की राजनीति करने का भी आरोप लगाया और इस सबकी आड़ में मीडिया मैनेजमेंट करने का आरोप लगाया। बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं। वहीं कई अन्य कांग्रेसी नेताओं के मामलों में भी जांच चल रही है। कांग्रेस ने भाजपा शासन में महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जाहिर की और भाजपा नेता चिन्मयानंद की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया।

कांग्रेस ने देश में बढ़ते अपराधों के लिए भी पीएम मोदी पर निशाना साधा और लिंचिंग या घृणा अपराध के 150 से ज्यादा मामले सामने आने का दावा किया। कांग्रेस पार्टी ने मीडिया की आजादी के मुद्दे पर भी केन्द्र सरकार को घेरा और प्रेस और पत्रकारों द्वारा सच्चाई बताने पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि ‘मोदी जी आप सही हैं।’
‘अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र, स्वतंत्रता, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, मानवाधिकार और संघवाद के अलावा बाकी सब ठीक है।’