पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस में G-23 के नेताओं में असंतुष्टि का भाव देखा जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल पहले ही घर की कांग्रेस की जगह सब की कांग्रेस बनाने की बात कह चुके हैं। ऐसे में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरप्पा मोइली ने G-23 के नेताओं से कहा है कि वो घबराएं नहीं, मोदी युग के बाद भाजपा भी बिखर जाएगी।
G-23 के नेताओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए मोइली ने कहा कि सत्ता से बाहर रहने से कांग्रेसी नेताओं या कार्यकर्ताओं को घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य दल आते-जाते रहेंगे। यह कांग्रेस है जो यहां रहेगी। उन्होंने ये भी कहा कि हमें दलितों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए और अपनी उम्मीद नहीं खोनी चाहिए।
वहीं पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर मोइली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर सोनिया गांधी सुधार चाहती हैं, लेकिन उनके आसपास के लोगों ने इसे कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि G-23 नेता पार्टी आलाकमान को लगातार निशाना बना रहे हैं। जिससे कांग्रेस पार्टी कमजोर हो रही है।
बता दें कि कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद गांधी परिवार को केंद्रीय नेतृत्व से अलग होने की हिदायत दी थी। सिब्बल ने ‘घर की कांग्रेस’ को ‘सबकी कांग्रेस’ बनाने की बात कही थी। इसपर पार्टी के कई नेताओं ने सिब्बल का विरोध भी किया था। कांग्रेस के लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी ने जी-23 के सदस्यों पर निशाना साधते हुए कहा था कि सत्ता से बाहर रहने की उन्हें (जी-23) आदत नहीं है। इसलिए वे इस तरह की आलोचना करके खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे नहीं मालूम कि उनका (कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल) जनाधार क्या है।”
वहीं दिल्ली कांग्रेस की चांदनी चौक यूनिट के जिला अध्यक्ष मिर्जा जावेद ने सिब्बल को पार्टी से बाहर किये जाने की मांग तक कर दी। जावेद ने मांग की कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कपिल सिब्बल को पार्टी से बाहर किया जाये। इसको लेकर उनकी तरफ से एक प्रस्ताव पेश किया है कि कपिल सिब्बल के खिलाफ पार्टी जो भी कार्रवाई करेगी, वो उसके साथ हैं।