Congress Protest: कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर देश भर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ-साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर से विरोध प्रदर्शन शुरू किया। महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने न सिर्फ नारेबाजी, मार्च, धरने और बैनर के माध्यम से विरोध जताया, बल्कि काले कपड़े पहनकर सड़कों पर उतरे। वहीं, युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता पीएम हाउस के नजदीक पहुंच गए और उन्होंने कुर्ता उतारकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया।

युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता कुर्ता उतारकर पीएम हाउस के नजदीक नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं वहां से हटने को तैयार नहीं थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी काले रंग की हाफ शर्ट पहने हुए थे जबकि महासचिव प्रियंका गांधी ने भी काले रंग की सलवार-कमीज और दुपट्टा पहन रखा था। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने काले रंग का कुर्ता और इसी रंग का साफा बांध रखा था। वहीं, अधीर रंजन चौधरी भी काले रंग की पैंट और शर्ट पहने हुए थे।

प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गई थीं, जिनको हटाने में महिला पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान, प्रियंका गांधी नारेबाजी कर रही थीं, “जब जब मोदी डरता है पुलिस को आगे करता है।” उनसे साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भी यह लाइन दोहरा रहे थे।

हिरासत में लिए गए राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेता

कांग्रेस पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी और खाने-पीने की वस्तुओं को जीएसटी के दायरे में लाए जाने के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए सभी कांग्रेस सांसदों को पुलिस लाइन किंग्सवे कैंप में रखा गया है।