Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। ऐसे में कांग्रेस के जी-23 के नेता मनीष तिवारी, शशि थरूर और कार्ति चिदंबरम ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पार्टी की मतदाता सूची को सार्वजनिक करने की मांग की है। इसपर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, “यह पार्टी का आंतरिक चुनाव है, मतदाता सूची सार्वजनिक संपत्ति नहीं है। क्या आपको लगता है कि एक चायवाला या गोलगप्पे बेचने वाला व्यक्ति यह मतदाता सूची देगा?”

बाजवा ने कहा कि अगर वे चुनाव में हैं तो पार्टी कार्यालय जाएं और वहां से मतदाता सूची ले लें। मनीष तिवारी, शशि थरूर और अन्य के बयानों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, “यह 24, अकबर रोड, दिल्ली है। इसका पता वो भी जानते हैं।” बाजवा ने अगले महीने होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव पर कहा कि मैं आपको यह भी बता दूं, जो लोग रोल की मांग कर रहे हैं, उन लोगों में से कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगा।

हालांकि खबर है कि इस अध्यक्ष पद की रेस में शशि थरूर भाग ले सकते हैं। थरूर और मनीष तिवारी दोनों पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं और उन 23 नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने अंतरिम प्रमुख सोनिया गांधी को पत्र लिखकर “पार्टी नेतृत्व” में बदलाव की मांग की थी। ‘जी-23’ में शामिल कुछ नेताओं ने अब पार्टी भी छोड़ दी है। इसमें कपिल सिब्बल और हाल ही में गुलाम नबी आजाद का नाम शामिल हैं।

मतदाता सूची को सार्वजनिक करने की मांग पर कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने भी आपत्ति जताई है। वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी का कोई भी सदस्य किसी भी मतदाता सूची की प्रति पार्टी के कार्यालय पर जाकर देख सकता है। उन्होंने कहा, “यह एक आंतरिक प्रक्रिया है और इसे(मतदाता सूची को) सभी लोगों के देखने के लिए प्रकाशित नहीं किया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऐसी कोई प्रथा नहीं है। हम पुरानी प्रथा का ही पालन करेंगे।

क्या है कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम:

कांग्रेस द्वारा जारी हुए कार्यक्रम के मुताबिक अध्यक्ष चुनाव के लिए 22 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा और नॉमिनेशन 24 सितंबर तक हो सकता है। 17 अक्टूबर को पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। वहीं 19 अक्टूबर को मतगणना होगी। पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस पद के लिए कोई भी चुनाव लड़ सकता है।