माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी गई है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि उनके ट्विटर अकाउंट को बहाल करने के जरूरी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि किन कारणों से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। हालांकि ट्विटर ने कांग्रेस पार्टी के इन दावों को खारिज किया है।
कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा कि राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित हुआ है और अकाउंट को दोबारा से बहाल करने के लिए जरूरी प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही ट्वीट में कहा गया कि अकाउंट दोबारा से बहाल होने तक वे सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफोर्म के जरिए लोगों से जुड़े रहेंगे और लोगों के लिए आवाज उठाते रहेंगे एवं लड़ाई करते रहेंगे। जय हिन्द।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है: कांग्रेस pic.twitter.com/wu4uiHljKj
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 7, 2021
ट्विटर के प्रवक्ता ने समाचार चैनल एनडीटीवी से कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का अकाउंट निलंबित नहीं किया गया है बल्कि यह अभी भी काम कर रहा है। साथ ही ट्विटर ने कहा कि अगर किसी अकाउंट को सस्पेंड किया जाता है तो इसे देखा नहीं जा सकता है।
कहा जा रहा है कि पिछले दिनों राहुल गांधी के द्वारा किए गए एक ट्वीट की वजह से यह कार्रवाई की गई। दरअसल पिछले दिनों राहुल गांधी ने दिल्ली में दुष्कर्म और हत्या की शिकार नौ वर्षीय पीड़िता के माता पिता के साथ मुलाकात की थी और उसकी तस्वीर अपने अकाउंट से शेयर की थी। उस ट्वीट में पीड़िता के माता पिता की पहचान उजागर हो रही थी। जिसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस और ट्विटर से की थी।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर और दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था। आयोग ने पोस्को एक्ट का हवाला देते हुए कार्रवाई करने की मांग की थी। जिसके बाद ट्विटर ने शुक्रवार रात राहुल गांधी के इस पोस्ट को हटा दिया था।