Congress Manifesto Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र शुक्रवार को जारी कर दिया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में न्याय पर जोर दिया है। यही वजह है कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र को ‘न्याय पत्र’ नाम दिया है। इस न्याय के तहत पार्टी ने 5 न्याय और 25 गारंटियों का जिक्र किया है। सबसे पुरानी पार्टी ने महिलाओं, गरीबों, युवाओं और श्रमिकों के लिए कई लोक लुभावन वादे किए हैं।
कांग्रेस के मेनिफेस्टो की जो सबसे बड़ी बात है, वो यह है कि पार्टी के घोषणापत्र में कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने का वादा गायब है। इसकी वजह यह है कि इस योजना को लागू करना आसान नहीं है। शायद यही कारण है कि कांग्रेस ऐसा वादा करने से बचना चाहती है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि हिमाचल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में कांग्रेस की सरकारों ने पुरानी पेंशन देने का ऐलान किया था।
ऐसे में सबसे ज्यादा चर्चा पुरानी पेंशन स्कीम के वादे को वापस लेने को लेकर हो रही है। खासतौर पर हिमाचल में कांग्रेस की जीत के लिए भी ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को क्रेडिट दिया गया था। इस जीत से उत्साहित कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी लागू किया था। हिमाचल में तो कैबिनेट की पहली ही मीटिंग में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने का निर्णय हुआ था।
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में ईवीएम (EVM) से चुनाव न कराने की बात भी नहीं की है। हालांकि, पार्टी ने यह जरूर कहा है कि चुनाव ईवीएम से ही होंगे, लेकिन मतदाताओं को अधिकार होगा कि वो वोटर स्लिप पा सकें। इससे उन्हें पता लगेगा कि उन्होंने जिसे वोट दिया है उसे मिला है कि नहीं।
पार्टी का मानना है कि ऐसा वादा करना उसे उल्टा पड़ सकता है। जिसमें कहा जाए कि ईवीएम से चुनाव नहीं कराएंगे। ऐसा वादा करने पर भाजपा उस पर मिथ्या प्रचार का आरोप लगा सकती है। इसके अलावा बीजेपी की ओर से यह भी कहा जा सकता है कि हार करीब देखकर कांग्रेस अब ईवीएम पर ही सवाल खड़ा कर रही है।
साल 2018 में कांग्रेस के अधिवेशन में प्रस्ताव पारित किया गया था कि अब हमें बैलट पेपर से ही चुनाव कराने चाहिए। विश्व के कई लोकतंत्रों में आज भी बैलट पेपर से ही चुनाव होते हैं।