Congress Manifesto: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इस मेनिफेस्टो को न्याय पत्र का नाम दिया है। इस घोषणापत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को टारगेट किया है। उन्होंने कांग्रेस का मेनिफेस्टो फाड़ दिया और कहा कि इसकी गंभीरता को इस बात से समझा जा सकता है कि इसमें न्यूयॉर्क और थाईलैंड की फोटो का इस्तेमाल किया गया है।
भारतीय जनता के नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया चेयरपर्सन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट कौन संभाल रहा है। कम से कम पार्टी को तो पता होना चाहिए कि उनका घोषणापत्र कौन बना रहा है। उन्होंने फोटो को दिखाते हुए कहा कि यह तस्वीर राहुल गांधी की पसंदीदा जगह थाईलैंड की है। यही कांग्रेस के घोषणापत्र में डाली गई है।
कांग्रेस ने अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है कि गलत तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया है। लेकिन चिंता की बात यह है कि ये तस्वीरें विदेशी संस्थाओं की हैं। अब तक, वे विदेश जाकर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करते रहे हैं। लेकिन अब वे अपने लिए विदेशी तस्वीरें उधार ले रहे हैं। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान केंद्र या राज्य में अपने घोषणापत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी किया पलटवार
बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में आई, तो भारत में एक सुई भी नहीं बनती थी। यह बिल्कुल झूठ है। सीवी रमन को 1930 में नोबेल पुरस्कार मिला। भारतीय विज्ञान संस्थान की स्थापना 1909 में हुई थी। लेकिन वे यह मानते रहेंगे कि सब कुछ नेहरू के बाद हुआ।
कांग्रेस पार्टी ने जारी किया मेनिफेस्टो
घोषणा पत्र में पांच तरह के न्याय की बात की गई है। युवाओं को सरकारी नौकरियां, न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए, गरीब महिलाओं को एक लाख की मदद, ट्रेनिंग के लिए एक लाख की मदद, शहरी रोजगार गारंटी स्कीम लाने का वादा किया है। राजस्थान में कांग्रेस सरकार द्वारा लागू की गई चिरंजीवी योजना के तर्क पर देशभर में 25 लाख रुपए तक फ्री इलाज के लिए कैशलेस बीमा योजना लागू की जाएगी। परिवार की सबसे बुजुर्ग महिलाओं को महालक्ष्मी योजना के तहत 1 लाख सालाना दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी, सचिन पायलट समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
घोषणापत्र जारी करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि आज संविधान पर बड़ा खतरा है। इंडिया अलायंस इसे बचाने के लिए जुटा है। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि ये लड़ाई मौलिक अधिकारों को लेकर है। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और संविधान पर लगातार हमला कर रही है।