Congress Leader Udit Raj Clarification: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता उदित राज की टिप्पणी की निंदा की और कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। बीजेपी के चौतरफा निशाने पर आने के बाद कांग्रेस नेता उदित राज ने इस मामले पर सफाई दी हैं। उदित राज ने कहा कि मेरा बयान द्रौपदी मुर्मू जी के लिए निजी है, ये कांग्रेस पार्टी का नही है। मुर्मू जी को उम्मीदवार बनाया और वोट मांगा आदिवासी के नाम से। राष्ट्रपति बनने से क्या आदिवासी नही रहीं? देश की राष्ट्रपति हैं तो आदिवासी की प्रतिनिधि भी। रोना आता है जब एससी/एसटी के नाम से पद पर जाते हैं फिर चुप।
उदित राज के ट्वीट पर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द चिंताजनक, दुर्भाग्यपूर्ण। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है। कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने भी किया। यह उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। बीजेपी नेता कहा कि उदित राज ने राष्ट्रपति के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है वह अशोभनीय, दुखद और चिंताजनक है।
महिला आयोग ने भेजा उदित राज को नोटिस
वहीं महिला आयोग ने कांग्रेस नेता उदित राज को देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति को लेकर अभद्र टिप्पणी के मामले में नोटिस भेजा है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने पूर्व सांसद उदित राज को 10 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष पेश होने का नोटिस भेजा है। उदित राज 10 अक्टूबर को महिला आयोग में पहुंचकर अपनी इस टिप्पणी के बारे में सफाई देंगे कि उन्होंने देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति को लेकर ऐसी टिप्पणी क्यों की?
बीजेपी प्रवक्ता ने बोला उदित राज पर हमला
इससे पहले बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “उदित राज ने पहले भी इस प्रकार का अपराध किया है। उन्होंने न सिर्फ राष्ट्रपति मुर्मू, बल्कि शीर्ष संवैधानिक पद का और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का भी लगातार अपमान किया है।’ पूनावाला ने कहा कि उदित राज ने तत्कालीन राष्ट्रपति (कोविंद) के लिए गूंगा और बहरा शब्द का इस्तेमाल किया था। अब उन्होंने मुर्मू जी को चमचा कहा है। कांग्रेस ने कभी उन पर कार्रवाई नहीं की, क्योंकि वह उनकी राय का समर्थन करती है।
उदित राज ने द्रौपदी मुर्मू पर साधा था निशाना
दरअसल, उदित राज ने बुधवार ( अक्टूबर) को राष्ट्रपति मुर्मू पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था कि द्रौपदी मुर्मू जी जैसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद है। कहती हैं 70 प्रतिशत लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा। बता दें कि राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद मुर्मू सोमवार (2 अक्टूबर) को पहली बार गुजरात पहुंची थीं। गांधीनगर में गुजरात सरकार की ओर से आयोजित एक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि गुजरात में पैदा होने वाला नमक सभी भारतीयों द्वारा खाया जाता है।