कभी देश के कई सूबों में अकेले दम पर सरकार बना चुकी कांग्रेस आज वहां की क्षेत्रीय पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है या तो सरकार चला रही है। इसी मुद्दे से जुड़े एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने माना कि पार्टी के अंदर भ्रम नहीं अंतर्विरोध की स्थिति है। इस दौरान डिबेट में ही मौजूद रहे भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी की तुलना स्कूल में पढने वाले बच्चे से कर दी।
दरअसल न्यूज 18 इंडिया पर आयोजित टीवी डिबेट के दौरान एंकर अमिश देवगन ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद से सवाल पूछते हुए कहा कि आपने केरल में जिस लेफ्ट के खिलाफ चुनाव लड़ा उसी के साथ आपने पश्चिम बंगाल में गठबंधन किया। दिल्ली में कांग्रेस ने ही कभी समर्थन देकर अरविंद केजरीवाल की सरकार बनाई लेकिन आज दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति जीरो हो गई है। उत्तरप्रदेश में भी कांग्रेस ने ही समर्थन देकर मुलायम सिंह यादव की सरकार बनाई थी और आज वहां भी यही स्थिति है तो क्या आपको नहीं लगता है कि कांग्रेस पार्टी से गलती हो जाती है।
जब सलमान ख़ुर्शीद ने कहा- काँग्रेस में भ्रम नहीं अंतर्विरोध है तब संबित पात्रा ने क्या कहा?#आर_पार @sambitswaraj @salman7khurshid @AMISHDEVGAN pic.twitter.com/pJGBGaVVTp
— News18 India (@News18India) July 9, 2021
एंकर के इस सवाल पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह तो नहीं कहा जा सकता है कि हमने सबकुछ अच्छा ही किया है और हम अच्छी स्थिति में हैं। राजनीति में हालात बदलते हैं और हमारे भी हालात बदलेंगे। हम फिर भारत में कई जगह पर अच्छी स्थिति में पहुंचेंगे और यह जल्द होगा। आगे सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमारे अंदर भ्रम नहीं बल्कि अगर कहें तो हमारी राजनीति में अंतर्विरोध था और यह अंतर्विरोध भारतीयता में है। अंतर्विरोध तो भाजपा में भी है।
इसके अलावा अलग अलग राज्यों में अलग अलग पार्टियों के साथ गठबंधन को लेकर सलमान खुर्शीद ने कहा कि अगर हम इनमें से किसी को छोड़ेंगे तो बीजेपी उसे अपने साथ ले लेगी। अगर किसी राज्य में सरकार बनानी होती तो उसे अपने साथ ले लेती। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फुरफुरा शरीफ के पीरजादा अब्बास सिद्दीकी के साथ गठबंधन पर सलमान खुर्शीद ने कहा कि उनके साथ हमारा गठबंधन नहीं था बल्कि हम जिस गठबंधन के हिस्सा थे उसमें लेफ्ट फ्रंट ने उनको शामिल किया था।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के हालात बदलने वाले बयान को लेकर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सही बात है कि हर बच्चा कहता है कि कभी ना कभी मैं क्लास का टॉपर तो बनूंगा ही। लेकिन उसके लिए परिश्रम करना पड़ता है। हम चादर तानकर सो जाएं और सपने देखें कि हम भविष्य में टॉपर बन जाएंगे तो लोग उसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने कहेंगे। वो एक हार्ड वर्किंग स्टूडेंट के सपने नहीं होंगे। लेकिन आज कांग्रेस पार्टी में हार्ड वर्क कहां है?

