कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने देश की आर्थिक स्थिति और बढ़ रही बेरोजगारी को लेकर मोदी पर निशाना साधा है। इसके अलावा उन्होंने मीडिया को भी आड़े हाथ लिया। कांग्रेस नेता ने बंद हो रहे उद्योग और जा रही नौकरियों को लेकर मोदी सरकार पर सवाल पूछा है। इसके अलावा कंगना रनौत प्रकरण पर मीडिया की रिपोर्टिंग को लेकर भी निशाना साधा है।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है, 12 करोड़ पहले ही नौकरी चली गई। 1,75,00,000(175 लाख) छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर हैं। अगर आधे भी बंद हुए तो 20 करोड़ से अधिक लोगों की रोज़ी रोटी और चली जाएगी। मोदी जी चुप क्यों है?मीडिया के साथी भी फ़िल्मी हीरोइन से फ़ुरसत पा मोदी सरकार से देश के बारे भी सवाल पूछें।
गौरतलब है कि एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्त वर्ष 2020-21 में भारतीय अर्थव्यवस्था में नौ प्रतिशत की गिरावट का अनुमान लगाया है। एडीबी का कहना है कि कोविड-19 महामारी लंबे तक कायम रहने या संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी से भारत का वृद्धि परिदृश्य और प्रभावित हो सकता है।
चार दशकों में यह पहला मौका होगा जबकि भारतीय अर्थव्यवस्था में संकुचन आएगा। एडीबी की ओर से मंगलवार को जारी एशियाई विकास परिदृश्य (एडीओ)-2020 अपडेट में कहा गया है कि भारत में कोरोना वायरस की वजह से आर्थिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसका असर उपभोक्ता धारणा पर भी पड़ा है, जिससे चालू वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में नौ प्रतिशत की गिरावट आएगी।
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस में हुए फेरबदल में सुरजेवाला को अहम जिम्मेदारी दी गई है। रणदीप सिंह सुरजेवाला को कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है और कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी है।इसके साथ ही उनके छह सदस्यीय विशेष कमेटी में भी शामिल किया गया है।
