लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी असम दौरे पर हैं। बुधवार को गुवाहाटी के दौरे पर आए राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधा और उन पर राजा की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि वे जेल में पहुंच जाएंगे। गौरव गोगोई को राज्य पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद से यह राहुल गांधी की असम की पहली यात्रा है।
हिमंता खुद को राजा समझते हैं, जेल जाएंगे- राहुल गांधी
2026 के चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए असम दौरे पर आए कांग्रेस नेता ने चायगांव में एक पार्टी कार्यक्रम में कहा, “वह (हिमंता) खुद को ‘राजा’ समझते हैं, लेकिन वे ज़्यादा समय तक सत्ता में नहीं रहेंगे। वे जेल में पहुंच जाएंगे। इसलिए नहीं कि कांग्रेस ऐसा चाहती है, बल्कि इसलिए कि असम की जनता उन्हें भ्रष्टाचार के लिए वहां भेजेगी।”
राहुल ने आगे कहा, “असम की जनता सच्चाई जानती है। जल्द ही चुनाव होंगे और कांग्रेस उन चुनावों में भारी जीत हासिल करेगी। हमने यहां एक नई टीम बनाई है। हमने काम शुरू कर दिया है और असम की जनता जल्द ही नतीजे देखेगी।”
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में बीजेपी पर लगाया हेराफेरी का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर मतदाता सूची में बदलाव के ज़रिए चुनावों में हेराफेरी करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा ने महाराष्ट्र में मतदाता सूची में संशोधन का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी करके जीत हासिल की। वे बिहार में भी यही कोशिश कर रहे हैं। आज भारत में लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है— आरएसएस की नफ़रत और हिंसा बनाम कांग्रेस का सत्य और अहिंसा।”
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अब दो हिंदुस्तान हैं—एक उन चंद अरबपतियों का जो आलीशान शादियां करते हैं, और दूसरा आम लोगों का जो टैक्स के बोझ तले दबे हैं। इससे पहले दिन में राहुल और खड़गे गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पारंपरिक ‘असमिया गमछा’ देकर उनका स्वागत किया। राहुल गांधी ने हवाई अड्डे पर प्रदर्शन कर रहे बोडो डांसर्स का भी अभिवादन किया। दोनों नेताओं ने अपने दिन की शुरुआत पार्टी की असम इकाई के साथ एक बंद कमरे में बैठक से की, जिसमें सांसद, विधायक, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी और ज़मीनी स्तर के नेता शामिल थे। उन्होंने आदिवासी समुदायों के सदस्यों से भी बातचीत की।