देश भर में शनिवार को धूमधाम से भाईदूज का त्योहार मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के साथ एक अपनी पुरानी तस्वीर शेयर की है। फोटो में राहुल के गले में ढेर सारे मेडल लटके दिख रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने भाईदूज पर इस फोटो को शेयर कर लिखा है कि उनके भाई साहस के साथ सच्चाई के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने लिखा- मुझे गर्व और खुशी है कि मेरे भाई करुणा, प्रेम और साहस के साथ सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सभी को भाईदूज की हार्दिक शुभकामनाएं।

उन्होंने इस तस्वीर के समय के बारे में बताते हुए कहा कि ये तस्वीर उस समय की है जब मेरे भाई राहुल गांधी ने निशानेबाजी की प्रतियोगिता में ढेर सारे मेडल जीते थे। उधर कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी भाईदूज के मौके अपने शुभकामना संदेश में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एक फोटो शेयर की है।

प्रियंका की तरफ से शेयर की गई तस्वीर में, युवा राहुल गांधी एक चश्मे के साथ, अपने पदक पहने हुए हैं और प्रियंका गांधी के साथ पोज दे रहे हैं। राहुल गांधी को खेलों में उनकी कई उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। राहुल जापानी मार्शल आर्ट ऐकिडो में ब्लैक बेल्ट हैं।

प्रियंका गांधी के इस फोटो के शेयर करने के बाद ट्विटर पर रिएक्शन की बाढ़ सी आ गई। किसी ने उन्हें भाई दूज की शुभकामनाएं दीं तो किसी ने इस मौके पर भाई दूज की जगह निशानेबाजी की तस्वीर के लिए आलोचना भी किया। मधु (@madhu_surana) नाम की यूजर ने लिखा- इतना ही प्रेम है तो भाई दो दिन बाद भी जा सकता था, जनता को बेवकूफ समझ रखा है, सिर्फ दिखावे के लिए फोटो डाल दी, इतने साल भारत मे रहते हुए, दीपावली जैसे त्योहार छोड़कर लंदन जाता है आपका भाई, फिर यह भाईदूज की नौटंकी करने की क्या जरूरत है।

शंकर सैनी (@tanwarshankar) ने कहा- निःसन्देह, भाई राहुल एक बेहतरीन संजीदा इंसान हैं। आप भी बेहद सवेंदनशील महिला हैं। मगर राजनीति के मापदण्ड पर भाई राहुल की कसौटी और केमेस्ट्री उनके मिजाज के अनुरूप नहीं है। अतः इंसान को वही करना चाहिए जो उसका स्वभाव है, दूसरों के प्रभाव से कुछ न किया जाए।

एम एस पाटिल (@mahen_solunke) ने रिप्लाई करते हुए लिखा- प्रियंका जी का भी निशाना सही जगह लगा है, बस मेडल 2022 को मिलेगा। जनता की आवाज, भाईदूज पर देश के तमाम भाई बहन का आशीर्वाद और स्नेह आप पर बना रहे।

कुछ साल पहले, कांग्रेस ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर राहुल गांधी की ऐकिडो करते हुए और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया से मिले एक प्रमाण पत्र को भी साझा किया था। प्रमाण पत्र के अनुसार राहुल गांधी ने 1988-89 में 32वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लिया था। वह 300 में से 271 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

यह पहली बार नहीं है जब प्रियंका गांधी ने भाईदूज के अवसर पर राहुल गांधी के साथ अपनी फोटो को शेयर किया हो। 2019 में भी, उन्होंने अपने भाई के साथ तस्वीरों का एक कोलाज पोस्ट किया था। प्रियंका गांधी अक्सर अपने भाई के साथ तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं। रक्षा बंधन पर भी उन्होंने बचपन की एक तस्वीर पोस्ट की थी।