कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी (AK Anthony) के बेटे अनिल के एंटनी (Anil Anthony) गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गये। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल और केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने उनको पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी के भाजपा में शामिल होने से केरल में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
अनिल ने कहा कि पीएम के पास देश को आगे ले जाने के लिए साफ दृष्टिकोण
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद अनिल के एंटनी ने कहा कि पीएम मोदी के पास देश को आगे ले जाने के लिए साफ दृष्टिकोण है। उनके नेतृत्व में भारत की साख दुनिया में बढ़ी है। उनको सदस्यता दिलाने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अनिल का व्यक्तित्व बहुआयामी है।
मोदी पर विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का विरोध किया था
अनिल के एंटनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की केरल में स्क्रीनिंग किए जाने का ट्वीट करके विरोध किया था। उन्होंने विरोध का ट्वीट वापस लेने के लिए दबाव डालने को “असहिष्णुता से दबाव डालना” करार दिया था। इसके बाद उन्होंने जनवरी में पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कांग्रेस के रुख को खारिज करते हुए कहा बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को दिखाना एक “खतरनाक मिसाल” है। उनके इस बयान के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर गंभीर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था।
दो महीने पहले द इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक साक्षात्कार में, डॉक्यूमेंट्री पर उनके विचारों के बारे में पूछने पर अनिल ने कहा, “भाजपा और मुझमें बहुत सी चीजों पर गहरे मतभेद हैं, लेकिन जब राष्ट्रीय हितों और संप्रभुता सहित देश के मूल हितों की बात आती है, तो मुझे लगता है कि हमें दलगत राजनीति को इससे बाहर रखना चाहिए। क्योंकि मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यह आग से खेलना होगा और जिसका दीर्घकालिक प्रभाव बुरा होगा। इसलिए मैंने कहा कि देश की संप्रभुता हर चीज से बड़ी होती है।
उस समय, अनिल ने कहा कि उन्होंने पार्टी पदों से हटने से पहले अपने पिता, पूर्व रक्षा मंत्री और गांधी परिवार के वफादार से बात नहीं की थी। उन्होंने कहा, “यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय था जो मेरे अपने विश्वास और विवेक के आधार पर था।”
भाजपा मुख्यालय पर पार्टी में शामिल होने के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राज्यसभा सदस्य व भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।

