कांग्रेस के डेटा एनालिटिक्स के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती को लेकर इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म है। कारण है कि जब प्रशांत किशोर के साथ कांग्रेस में उनके प्रपोजल और डाटा को लेकर जिस ग्रुप में मंथन हो रहा था, उसमें चक्रवर्ती शामिल ही नहीं थे।
नहीं मिली जगह– यही नहीं उन्हें पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के उस समूह में भी जगह नहीं मिली है, जो उदयपुर में होने वाले चिंतन शिविर में पेश करने के लिए आर्थिक प्रस्ताव का मसौदा तैयार कर रहा है। चक्रवर्ती खुद राजनीतिक अर्थशास्त्री भी हैं। इनका इस तरह से इन ग्रुपों से गायब रहना, कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है।
राहुल के चहेते- प्रवीण चक्रवर्ती को राहुल गांधी लेकर आए थे। कांग्रेस के तब के अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुद इसकी घोषणा की थी। इनके डेटा का 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रयोग भी किया था, लेकिन जब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार मिली तो चक्रवर्ती सवालों के घेरे में आ गए। कहा जाने लगा कि इनके डेटा से कांग्रेस को फायदा नहीं हुआ और चक्रवर्ती को कांग्रेस शायद साइड लाइन ना कर दे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से हटने के बाद भी चक्रवर्ती डेटा एनालिटिक्स के चेयरमैन बने रहे।
लगे थे गंभीर आरोप- पिछले लोकसभा चुनाव से पहले चक्रवर्ती ने कांग्रेस के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म शक्ति बनाया था। इसका मुख्य उद्देश्य था कि सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक जगह जोड़ा सा सके। लेकिन 2019 में जब कांग्रेस हारी तो चक्रवर्ती सवालों के घेरे में आ गए। इन पर आरोप लगा कि इन्होंने सही तरीके से डेटा शेयर नहीं किया और पार्टी को गुमराह भी किया, हालांकि चक्रवर्ती ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी चक्रवर्ती के साथ दिखी और उनके पास ये पद बरकरार रहा।
प्रशांत किशोर प्रकरण- कुछ दिनों पहले कांग्रेस में जब प्रशांत किशोर की एंट्री को लेकर मीटिंग्स का दौर शुरू हुआ, किशोर के डेटा और प्रपोजल को लेकर बातें हुईं तो इन मीटिंग्स में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ सोनिया गांधी ने बैठक की। प्रशांत किशोर को लेकर चर्चा की, लेकिन यहां चक्रवर्ती नहीं दिखे। हालांकि प्रशांत किशोर के प्रपोजल के बाद कांग्रेस ने एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप 2024 बनाया, जिसमें प्रशांत किशोर को शामिल होने का सोनिया गांधी ने ऑफर दिया, जिसके लिए किशोर तैयार नहीं हुए और अंत में खुद कांग्रेस में शामिल होने से इंकार कर दिया।