अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के चुनाव प्रचार में प्रियंका गांधी के हिस्सा लेने की खबर है। ऐसी रिपोर्ट्स पर चुटकी लेते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि यह कदम दिखाता है कि उपाध्यक्ष राहुल गांधी फेल हाे चुके हैं। भाजपा प्रवक्ता सम्बित पात्रा ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर ताना कसते हुए कहा कि कांग्रेस में ‘परिवार ही पार्टी है।’ उन्हाेंने यह भी कहा कि नेतृत्व के लिए खोज भी सिर्फ गांधी परिवार तक ही सीमित रहती है।
पात्रा ने पत्रकारों से कहा, ”कांग्रेस प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में लाने के लिए बेचैन है, यह उनका आंतरिक मसला है। इससे तीन बातें साफ हो जाती हैं। एक यह कि कांग्रेस कभी अपने परिवार से बाहर नहीं आ सकती, उन्हें गांधी फैमिली में ही नेतृत्व चाहिए।” उन्होंने आगे बताया, ”प्रियंका गांधी को मैदान में उतारने से पता चलता है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं। अगर राहुल सफल रहे होते तो प्रियंका को कभी भी बुलाया नहीं जाता।”
READ ALSO: पीएम को मिस्टर प्राइम मिनिस्टर कहना सही, राहुल से भी की थी नरमी से बात: अरनब गोस्वामी
रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को सौंपने का फैसला कर लिया है। सोनिया गांधी की सहमति के बाद, पार्टी प्रभारी और महासिचव गुलाम नबी आजाद ने प्रियंका गांधी से मुलाकात कर उन्हें यह प्रस्ताव साैंपा है। खबरों के मुताबिक, उन्होंने आजाद का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।