Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के 10वें दिन कोल्लम के करुनागपल्ली के पास मां अमृतानंदमयी से मिले। इस दौरान अमृतानंदमयी ने राहुल को गले लगाया। राहुल ने कहा कि अम्मा का संगठन गरीब और वंचितों की सहायता के लिए शानदार काम कर रहा है और इससे मैं काफी प्रभावित हूं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी ट्विटर शेयर की हैं। इसके साथ में उन्होंने लिखा, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक लंबे दिन के अंत में राहुल गांधी ने माता अमृतानंदमयी से वल्लिकावु में उनके आश्रम में मुलाकात की। उनकी विनम्रता, प्रेम और उनके दर्शन के अनूठे रूप भारत जोड़ो यात्रा के संदेश के पर्याय हैं।
राहुल गांधी और माता अमृतानंदमयी से मुलाकात की फोटो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने राहुल गांधी को गले लगाने वाली फोटो पर लिखा, “माता ज्ञान दे रही हैं कि 50 साल से ऊपर हो गए हो, कम से कम बुद्धि को बढ़ाओ।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “मां को बोला होगा मुझे हिंदू से नही हिंदुत्व से खतरा है।”
बता दें कि शुक्रवार(16 सितंबर) को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ करीब 24 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद विश्राम किया। इसके बाद उनकी यात्रा सुबह साढ़े छह बजे फिर शुरू हुई।
बता दें कि कांग्रेस की 150 दिनों की 3,570 किलोमीटर लंबी यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई थी। इस यात्रा के दौरान 12 राज्यों एवं दो केंद्रशासित प्रदेशों का दौरा किया जाएगा। कन्याकुमारी से शुरू यह यात्रा कश्मीर तक जाएगी।
फंड जुटाने पर विवाद, तीन सस्पेंड:
केरल के कोल्लम में 16 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ा एक विवाद सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एक सब्जी दुकानदार से जबरन चंदा लेने का आरोप लगा है। हालांकि आरोपों पर केरल कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन ने पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है। दरअसल कोल्लम में लोगों से भारत जोड़ो यात्रा के लिए फंड इकट्ठा करने के नाम पर 2000 रुपये मांगे गए। वहीं एक सब्जी दुकानदार ने चंदा देने से मना किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सब्जी दुकान मालिक को धमकी दी।