Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के पहले दिन बुधवार (7 सितंबर, 2022) को कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई नेता जब 80 और 20 करता है, तब वो भारत को तोड़ता है, क्योंकि हम 100 हैं।
कन्हैया कुमार ने कहा कि हम लोग भारत यात्री के तौर पर देश के अलग-अलग राज्यों में जाएंगे। कुछ अपनी कहेंगे तो कुछ उनकी बातों को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि आज समाज में नफरत को फैलाया गया है। उसके विरोध में मोहब्बत का पैगाम लेकर कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा को पूरा करेंगे। एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा कि भारत ऐतिहासिक और भौगोलिक तौर पर जुड़ा हुआ है, लेकिन एक भाजपा है, जो भारत को तोड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब प्रधानमंत्री श्मशान और कब्रिस्तान की बात करते हैं, तब वो भारत को तोड़ते हैं। जब कोई भाजपा का नेता 80 और 20 करता है, तब वो भारत को तोड़ता है। भाजपा का नेता कहता है कि ईद में बिजली आती और दीवाली में नहीं आती है, तब वो भारत को तोड़ता है। जब किसी दलित को घड़े से पानी नहीं भरने दिया जाता है, तब भारत को तोड़ा जाता है। जब किसी को घोड़ी नहीं चढ़ने दिया जाता है, तब भारत को तोड़ा जाता है।
उन्होंने कहा कि भारत को आज सांस्कृतिक तरीके से कमजोर किया जा रहा है। अमीर और गरीब के बीच खाई बढ़ रही है। कुमार ने कहा कि बीजेपी के जो दो करीबी मित्र हैं, उनका लाखों-करोड़ों का टैक्स माफ किया जा रहा है। जबकि जो आम जनता है उसको दूध, दही और मक्खन पर भी टैक्स देना पड़ रहा है। बीजेपी ने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी।
बीजेपी पर हमलावर होते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि जब एक बलात्कारी को संस्कारी बताया जाएगा, तब सोचिए क्या होगा। कोई भी महिला खुद को कितना असुरक्षित महसूस करेगी। कुमार ने कहा कि बीजेपी भारत को तोड़ने की साजिश कर रही है, उसके खिलाफ हम भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से हिंदुस्तान में मोहब्बत का पैगाम देंगे।
वहीं कन्हैया कुमार ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, भारत ज़मीन से जुड़ा है, इतिहास की जड़ से जुड़ा है, वर्तमान में इंसान को इंसान से जोड़ना है। क्यूँकि देश हमेशा देश के लोगों से बनता है, इसलिए हम भारत के लोग। भारत में नफ़रत को मोहब्बत से हराकर, कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत को जोड़ेंगे।
