Mukhtar Abbas Naqvi Taunt Rahul Gandhi: कांग्रेस की 7 सितंबर से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर है। उसी कड़ी में सोमवार (12 सितंबर, 2022) को बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे तो ठीक लगता है, कम से कम वो (राहुल गांधी) गांवों में खेतों में खलिहानों में जाकर लोगों के सरोकार को समझेंगे। उन्होंने कहा कि भारत तो टूटा ही नहीं था, जो जुड़े, लेकिन कांग्रेस जुड़ेगी कि नहीं पहले यह तय होना चाहिए। हमारी राहुल गांधी को शुभकामनाएं हैं।
मुख्तार अब्बास नकवी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अभी तीन-चार महीने हैं, उसके बाद राहुल गांधी इस देश के खेत-खलिहान, चौक-चौराहों, चौपालों और लोगों की सोच को समझेंगे तो हो सकता, उसके बाद उनको सदबुद्धि आए।
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नहीं है, बल्कि ‘भारत तोड़ो’ और ‘आग लगाओ यात्रा’ है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने ऐसा किया है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं?
संबित पात्रा ने कहा, ‘जिस प्रकार से राहुल गांधी भारत जोड़ो के नाम पर नफरत फैला रहे हैं, उसके बारे में आज कांग्रेस के ट्वीट की तस्वीर खुलासा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के ट्वीट में आग जलते हुए दिखाना लोगों को आगजनी और हत्या के लिए उकसाना है। संबित पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी आरएसएस और बीजेपी कार्यकर्ताओं को आग लगाकर खत्म करना चाहते हैं। सिखों की आग लगाकर हत्या की गई थी। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल को आग से इतना प्यार क्यों? संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस को इस तस्वीर को तुरंत हटा लेना चाहिए।
बता दें, सोमवार को कांग्रेस ने ट्वीट के माध्यम से बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा और एक फोटो भी शेयर की। फोटो में जलती खाकी ऑफ पैंट थी। और लिखा था 145 दिन और।तस्वीर को शेयर करने के साथ कांग्रेस ने लिखा था, ‘देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करना और भाजपा आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करना। कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे। कांग्रेस के इस ट्वीट के बाद संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस को तुरंत इस तस्वीर को हटा लेना चाहिए।
