बिहार के गोपालगंज और मोकामा में उप चुनाव हो रहे हैं। तीन नवंबर को वोटिंग है और नतीजा छह नवंबर को आएगा। उप चुनाव में महागठबंधन और बीजेपी पूरा जोर लगा रहे हैं। चुनाव पर सभी की नजरें इस बात को लेकर भी हैं, क्योंकि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के साथ आने के बाद ये पहला लिटमस टेस्ट है। इसमें पता चलेगा कि दोनों का साथ आना कितना कारगर रहा।
लेकिन हालात देखें तो लगता है कि महागठबंधन में कुछ ठीक नहीं चल रहा। नीतीश कुमार बीते दिन मीडिया के सामने अपनी चोट दिखे। पहले के प्रोग्राम में उनका उप चुनाव में प्रचार करना शामिल था पर अब वो वहां नहीं जा रहे। दरअसल, नीतीश कुमार 15 अक्टूबर को छठ घाट का निरीक्षण करने के दौरान चोट खा गए थे। उनका स्टीमर पिलर से टकरा गया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना के एक मंदिर में दिखे। वहां पूजा के बाद उपचुनाव को लेकर बोले कि चोट ठीक हो जाएगी तब देखेंगे। अभी तो वो इस हालत में नहीं हैं जो ज्यादा भागदौड़ कर सकें। उनका कहना था कि पार्टी के सभी नेता चुनाव प्रचार में शामिल हैं। हालांकि बीते दिन बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष लल्लन सिंह महागठबंधन की उम्मीदवार और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह के लिए वोट मांगते दिखे। उस दौरान उन्होंने महागठबंधन की जीत का दावा भी किया।
ध्यान रहे कि अनंत सिंह से नीतीश कुमार का 36 का आंकड़ा रहा है। बाहुबली का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। एक केस की सुनवाई के लिए अनंत ने कोर्ट के बाहर नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर खुद को फंसाने का आरोप लगाया था। उन्होंने सरकार के खिलाफ अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया था। हालांकि अनंत ने जेडीयू में रहते हुए नीतीश को कभी चांदी के सिक्कों से तौला था। लेकिन फिर रिश्ते इस कदर खराब हुए कि अनंत सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
मोकामा और गोपालगंज में महागठबंधन से आरजेडी चुनाव लड़ रही है। मोकामा सीट बाहुबली अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद होने के बाद खाली हुई थी। आरजेडी ने उनकी पत्नी को ही टिकट दिया है। उनके खिलाफ बीजेपी के टिकट पर सोनम मैदान में हैं। वो बिहार के दूसरे बाहुबली सूरज भान सिंह के भाई ललन सिंह की पत्नी हैं।