उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोरों पर है। लेकिन अगले दो दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। आने वाले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में भी ठंड अधिक पड़ सकती है।

अयोध्या पर खास नजर

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बन रही है। हालांकि 2 दिन बाद कोहरे में कमी देखी जाएगी। बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन है। ऐसे में अयोध्या को लेकर भी मौसम विभाग खास नजर बनाए हुए है।

अयोध्या के लिए अलग से मौसम बुलेटिन जारी किया गया है। अगले दो दिन अयोध्या में मध्यम कोहरे का अनुमान जताया गया है। हालांकि विजिबिलिटी 400 से 800 मीटर तक रहने की उम्मीद जताई गई है।

उत्तराखंड में और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। उत्तराखंड में अगले दो दिनों के बीच भीषण सर्दी पड़ेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि 20 और 21 जनवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

पंजाब-हरियाणा में भी ठंड

मौसम विभाग ने पंजाब के कुछ इलाकों में भी भीषण शीतलहर की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब के कुछ इलाकों में 24 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी और हरियाणा और चंडीगढ़ में भी ठंड अधिक पड़ेगी।

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही

इस साल उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी लखनऊ में पिछले 2 साल के मुकाबले इस बार अधिक ठंड पड़ रही है। पिछले 1 महीने के दौरान लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी काम रहा है। जनवरी में लखनऊ में दो बार बारिश हुई और इसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। इसका कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बताया जा रहा है। इसके पिछले दो सालों में यह 4 से 5 बार आया था लेकिन इस बार आठ बार आया है, जिसके कारण अधिक ठंड पड़ रही है।