राजधानी दिल्ली पर मौसम का कहर जारी है। ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सुबह तड़के और शाम ढलने के साथ दिल्ली-एनसीआर पर कोहरे की चादर चढ़ जाती है। इस दौरान दृश्यता न के बराबर रहती है। इस कारण रेल और हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं। गुरुवार का दिन भी इससे अलग नहीं था। सुबह तड़के घने कोहरे के चलते परिवहन सेवाएं ठप हो गईं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले पांच दिनों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। उत्तरी दिल्ली, बुराड़ी समेत बख्तावरपुर, हिरणकी, केशवनगर, वजीराबाद, संगम विहार व तिमारपुर में गुरुवार की सुबह घना कोहरा देखने को मिला।

तापमान में गिरावट के कारण कोहरे से उत्तरी दिल्ली के तमाम इलाके कोहरे की चादर में लिपटा नजर आए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

दिल्ली में सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 95 फीसद दर्ज की गई। आइएमडी ने 31 दिसंबर तक सुबह व देर रात दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। घने कोहरे को देखते हुए परामर्श जारी किया गया है, जिसके तहत विभाग ने चालकों को ‘फाग लाइट’ का उपयोग करने और यात्रियों को उड़ान, रेल और राज्य परिवहन की बसों के समय के बारे में जानकारी रखने की सलाह दी है।

प्रदूषण के साथ होगा नए साल का आगाज

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले छह दिन तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही बनी रहेगी। इसलिए नए वर्ष का आगमन प्रदूषण के बीच ही होगा। दिल्ली के स्तर में गुरुवार को आंशिक सुधार हुआ है। फिर भी वायु गुणवत्ता का स्तर 300 से अधिक बना हुआ है। वही मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शुक्रवार को दिल्ली व आसपास के इलाकों में कोहरा अधिक बढ़ सकता है।

सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता स्तर 358 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में है। एक दिन यह स्तर 380 था। दिल्ली में आनंद विहार में प्रदूषण सबसे अधिक रहा। वहां गुणवत्ता स्तर 418 ओर नेहरू नगर स्तर 405 दर्ज किया गया। एनसीआर में गाजियाबाद का स्तर 318, ग्रेटर नोएडा 360 और नोएडा का स्तर 351 दर्ज किया गया।

नोएडा में कोहरे की वजह से 29 और 30 दिसंबर को स्कूल बंद

गौतमबुद्ध नगर जिले में घने कोहरे एवं भीषण सर्दी की वजह से जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी विद्यालयों में 29 और 30 दिसंबर को छुट्टी की घोषणा की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने घने कोहरे और भीषण सर्दी के मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर जिले में संचालित सभी विद्यालयों को 29 और 30 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि यह आदेश सीबीएसई, इसीएसई और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालय, परिषदीय विद्यालय, राजकीय विद्यालय और शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। पंवार ने बताया कि उक्त विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक/कर्मचारी पूर्व की तरह यथावत कार्य करेंगे।