संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का विरोध करने वालों की कड़ी निंदा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आरोप लगाया कि जो लोग कश्मीर में आतंकवादियों का समर्थन करते हैं, वे ही शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे हैं और ‘आजादी’ के नारे लगा रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विभिन्न चुनावी रैलियों में आदित्यनाथ ने यह भी कहा, ‘‘उनके (प्रदर्शनकारियों) पूर्वजों ने भारत को बांटा, इसलिए उन्हें इस उभरते ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ से दिक्कत है।’’ उन्होंने आप सरकार की भी यह कहते हुए आलोचना की वह शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को ‘‘बिरयानी बांट रही’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘ (दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद) केजरीवाल दिल्ली के लोगों को स्वच्छ पेयजल तक नहीं दे सकते….बीआईएस के सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली सरकार अपने लोगों को जहरीला पानी पिला रही है। लेकिन वह शाहीन बाग एवं शहर में अन्य स्थानों पर प्रदर्शन कर लोगों को बिरयानी बांट रही है।’’ उल्लेखनीय है कि महिलाओं और बच्चों समेत सैंकड़ों लोग संशोधित नागरिकता कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी के खिलाफ 15 दिसंबर से शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह कानून भेदभावकारी है और उन्हें डर है कि इस कानून के निशाने पर मुसलमान हैं।
रोहिणी में भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने दावा किया कि महात्मा गांधी ने कहा था कि भारत को अत्याचार के चलते पाकिस्तान से भागकर आ रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता दी जानी चाहिए।