झारखंड पुलिस ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ समेत कई भाजपा सांसदों और विधायकों पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि बीते शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता रांची स्थिति मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़े और पुलिस पर पथराव भी किया। इतना ही नहीं इसी दौरान वहां उपस्थित केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ समेत कई विधायकों और सांसदों पर भड़काऊ भाषण देने का भी आरोप लगाते हुए FIR दर्ज किया है।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने बीते शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सीएम आवास का घेराव कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने भाजपा प्रदर्शनकारियों को सीएम आवास के बाहर विरोध करने की अनुमति नहीं दी थी। इसी दौरान हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले पथराव किया। जिसके बदले में पुलिस ने पानी की बौछारें और आंसू गैस के गोले छोड़े साथ ही पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। सीएम आवास के घेराव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने रांची के मोराबादी मैदान में सभा भी किया।
FIR में क्या है?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने कहा कि उस समय अमर बाउरी और बीजेपी के अन्य सीनियर नेताओं ने मंच से भाषण देते हुए पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग तोड़ने और कंटीली तारें काटने की बातें बार-बार की। FIR में कहा गया कि सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस द्वारा सेल्फ डिफेंस में भीड़ को हटाने के लिए वाटर-केनन का प्रयोग किया गया। वाटर-केनन के प्रयोग के बाद भी लोगों ने पत्थर फेंके और वायर कटर से बार्बड वायर की दो लेयर काट दीं। इसके बाद पुलिस ने टीयर गैस का इस्तेमाल किया। फिर बीजेपी कार्यकर्ता भाग गए। यह भी देखा गया कि बीजेपी कार्यकर्ता अपनी पैंट्स की जेब से पत्थर निकालकर अटैक कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्रियों पर दर्ज हुई एफआईआर
इसी विरोध प्रदर्शन के बाद रांची के मजिस्ट्रेट संजय कुमार के बयान पर भाजपा के कई बड़े नेताओं पर भड़काऊ भाषण देने, भीड़ को उकसाने का आरोप लगाते हुए भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक नीलकंठ मुंडा समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आज किसी भी परिस्थिति में करना है मुख्यमंत्री आवास का घेराव
पुलिस ने दर्ज एफआईआर में कहा है, ‘रैली के दौरान कार्यक्रम में शामिल युवाओं को बीजेपी नेता भड़काते हुए भाषण दे रहे थे कि ये आक्रोश रैली का कार्यक्रम है। आज किसी भी परिस्थिति में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना है (एक-एक करके ये लोग रैली में भाग लेने वाले युवाओं को किसी भी कीमत पर सीएम आवास का घेराव करने के लिए उकसा रहे थे),’
10 हजार की थी भीड़
पुलिस ने आगे कहा है कि भाजपा नेताओं के इन भाषणों को सुनकर युवा आक्रोशित हो रहे थे। मोरहाबादी मैदान की सभा में करीब 10 हजार की भीड़ मौजूद थी। जो प्रदर्शनकारी तबदील हो गई। भीड़ ने पुलिस चौकी के गेट और ड्रॉप गेट को तोड़ दिया। पुलिस ने अपने आरोप में यह भी कहा है कि भाजपा कार्यकर्ता अपने जेब पत्थर ले आकर आए थे।
(अभिषेक अंगद की रिपोर्ट)