स्वच्छता सर्वे में इस साल महाराष्ट्र ने बाजी मार ली है। केंद्र सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले स्वच्छता सर्वे में महाराष्ट्र सबसे आगे है। महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का नंबर आता है। बात अगर शहरों की करें तो एमपी का इंदौर और गुजरात का सूरत सबसे आगे हैं। इनके बाद नवी मुंबई को सबसे साफ शहर बताया गया है। इंदौर को सातवीं बार सबसे साफ शहर के खिताब से नवाजा गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में पुरस्कार वितरित किए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी भी मौजूद थे। इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर चुने जाने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को यह अवार्ड दिया।
शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि स्वच्छता सर्वे के तहत देश के 4447 शहर कवर किए गए थे। इसी आधार पर रैंकिंग तय की गई है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को देश का पांचवां सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को सबसे स्वच्छ गंगा टाउन का अवार्ड दिया गया। दूसरा सबसे स्वच्छ गंगा टाउन यूपी का प्रयागराज रहा।सबसे साफ कैंटोनमेंट बोर्ड का अवार्ड महू को दिया गया।